रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे राखी थाना क्षेत्र के ग्राम गनौद में अवैध संबंध के शक को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक किराएदार पर अपने मकान मालिक की गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान ग्राम गनौद निवासी वेद राम साहू (45 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं आरोपी की पहचान पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू (25 वर्ष), पिता नरेंद्र कुमार धीवर के रूप में हुई है। आरोपी मूल रूप से ग्राम धमनी भाटापारा, वार्ड नंबर-2, थाना मंदिर हसौद, जिला रायपुर का निवासी बताया गया है।
रायपुर ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अभिषेक कुमार झा के मुताबिक, पुरुषोत्तम धीवर पिछले करीब एक-दो वर्षों से वेद राम साहू के मकान में किराए पर रह रहा था और वहीं ऑटो पार्ट्स की दुकान संचालित करता था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान मालिक को अपनी पत्नी और किराएदार पुरुषोत्तम के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद और तनाव बना हुआ था।
विवाद के बाद गला दबाने का आरोप
बताया जा रहा है कि घटना के दिन भी इसी मुद्दे को लेकर वेद राम साहू और पुरुषोत्तम के बीच विवाद हुआ। कहासुनी बढ़ने के बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी ने वेद राम साहू का गला दबा दिया। गला दबाए जाने से वेद राम साहू की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
राखी थाना पुलिस को घटना की सूचना सुबह करीब 11:30 बजे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू को हिरासत में ले लिया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और विवेचना जारी है। हत्या के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

