बलरामपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारी विद्यासागर गोपाल को 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधिकारी ने अंबिकापुर की एक फर्म के बकाया बिल के भुगतान के एवज में 2 फीसदी कमीशन की मांग की थी। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB अंबिकापुर की टीम ने योजना बनाकर संयुक्त कार्यालय में दबिश दी और कार्रवाई को अंजाम दिया।
11.30 लाख रुपये का था बिल
जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर की शिवराज सिंह फर्म ने नागरिक आपूर्ति निगम बलरामपुर में ट्रांसपोर्टिंग का काम किया था। फर्म का करीब 11 लाख 30 हजार रुपये का बिल बकाया था। बताया गया कि विभाग की ओर से फर्म के बिल का भुगतान किया जा चुका था।
आरोप है कि भुगतान के बाद संबंधित अधिकारी विद्यासागर गोपाल ने फर्म संचालक से कुल राशि का 2 फीसदी कमीशन, यानी करीब 22 हजार रुपये, रिश्वत के तौर पर मांगा।

शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
रिश्वत की मांग से परेशान फर्म संचालक ने मामले की शिकायत ACB अंबिकापुर से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने अधिकारी को पकड़ने के लिए कार्रवाई की योजना बनाई।
इसके बाद ACB की टीम ने संयुक्त कार्यालय में दबिश देकर अधिकारी को कथित तौर पर 22 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
ACB ने आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में ACB की जांच जारी है।

