बेमेतरा। जिले के सरकारी स्कूलों में यू-डाइस पोर्टल पर जरूरी जानकारी अपडेट करने में लापरवाही करना शिक्षकों और कर्मचारियों को महंगा पड़ गया है। निर्धारित समय सीमा के बावजूद डेटा अपडेट का काम पूरा नहीं करने वाले 17 शासकीय स्कूलों के संस्था प्रमुखों, शिक्षकों और कर्मचारियों पर जिला शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। करीब 120 शिक्षक-कर्मचारियों का अक्टूबर 2026 का वेतन आगामी आदेश तक रोक दिया गया है।
शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए यू-डाइस पोर्टल पर स्कूलों, विद्यार्थियों और शिक्षकों से संबंधित प्रोफाइल को पूरी तरह अपडेट करना अनिवार्य किया गया था। इसे लेकर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने संबंधित स्कूलों को पहले 27 जुलाई और फिर 1 अक्टूबर को पत्र जारी कर समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए थे। इसके अलावा लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से भी 23 सितंबर को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे।
3 अक्टूबर तक पूरा करना था काम
विभागीय निर्देशों के बावजूद जिले के चिन्हित 17 स्कूलों में यू-डाइस प्रोफाइल अपडेट का काम 3 अक्टूबर 2026 की निर्धारित अंतिम तिथि तक पूरा नहीं हो सका। विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित स्कूलों के संस्था प्रमुखों, शिक्षकों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल के निर्देश पर जारी कार्रवाई के तहत संबंधित अमले का अक्टूबर महीने का वेतन आगामी आदेश तक रोक दिया गया है।
केवल संस्था प्रमुख की जिम्मेदारी नहीं
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यू-डाइस पोर्टल पर डेटा अपडेट करने की जिम्मेदारी केवल संस्था प्रमुख की नहीं होती। स्कूल में पदस्थ शिक्षक और कर्मचारी भी इस प्रक्रिया में अपनी निर्धारित जिम्मेदारी के लिए जवाबदेह हैं। समय सीमा के भीतर सौंपे गए दायित्व को पूरा नहीं करना छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के प्रावधानों का उल्लंघन माना गया है। इसी आधार पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ वेतन रोकने की कार्रवाई की गई है।
इन 17 स्कूलों पर हुई कार्रवाई
वेतन रोकने की कार्रवाई जिन स्कूलों के संस्था प्रमुखों, शिक्षकों और कर्मचारियों पर की गई है, उनमें मिडिल स्कूल भोथीडीह, झाल, हेमाबंद, मुटपुरी, कन्या स्कूल देवकर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालसमुंद, भनसुली, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमेतरा, जेवरी, कुसमी, पीएमश्री शिवलाल राठी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बेमेतरा, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सिंघौरी, पीएमश्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय देवरबीजा, पीएमश्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नवागढ़, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टेमरी, हाटरांका और कोपेडबरी शामिल हैं।

