बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में रायपुर-पलारी मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। पलारी थाना क्षेत्र के घोटिया मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इनमें से एक युवक की सोमवार को बलौदाबाजार अस्पताल में मौत हो गई, जबकि गंभीर हालत में रायपुर रेफर किए गए दो अन्य युवकों ने बुधवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीनों आपस में मौसेरे भाई थे और नवरात्रि के मौके पर पलारी जा रहे थे।
खड़े ट्रक में जा घुसी बाइक
जानकारी के मुताबिक, कोरासी गांव निवासी प्रेम धीवर (18) ने अपने मौसेरे भाइयों राज धीवर (18) और खिलेश्वर धीवर (18) के साथ पलारी जाने की योजना बनाई थी। सोमवार देर रात तीनों बाइक से दौदे से पलारी की ओर आ रहे थे। इसी दौरान घोटिया मोड़ के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान प्रेम धीवर की बलौदाबाजार अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, राज और खिलेश्वर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया।

DKS अस्पताल में दो युवकों ने तोड़ा दम
राज धीवर और खिलेश्वर धीवर का रायपुर के डीकेएस अस्पताल में इलाज चल रहा था। बुधवार को इलाज के दौरान दोनों की भी मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम के बाद उनके शव परिजनों को सौंप दिए गए। देर रात शव गांव लाए गए, जहां गुरुवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाना है।
परिवारों में पसरा मातम
हादसे में जान गंवाने वाले प्रेम धीवर और खिलेश्वर धीवर कोरासी गांव के निवासी थे, जबकि राज धीवर पलारी में रहता था। तीनों के बीच मौसी के परिवार से रिश्तेदारी थी।
प्रेम के पिता दौदे में होटल चलाते हैं। प्रेम भी पिता के साथ होटल के काम में हाथ बंटाता था। नवरात्रि के दौरान पलारी जाते समय हुए इस हादसे ने तीनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। युवकों की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

