बिलासपुर। त्योहारों के बीच नशे के कारोबार पर नजर रख रही पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ACCU और सकरी पुलिस की संयुक्त टीम ने उसलापुर इलाके से एक युवक को कथित तौर पर हेरोइन बेचने की कोशिश करते गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 11.73 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने उसके पास से 10,500 रुपए नकद भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, त्योहारों को देखते हुए शहर और आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उसलापुर बाजार के आसपास एक युवक नशीला पदार्थ बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
सूचना मिलते ही ACCU और सकरी पुलिस की टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके से दीपक वालिया नाम के युवक को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 11.73 ग्राम हेरोइन और 10,500 रुपए नकद मिले। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अमृतसर से हेरोइन लेकर बिलासपुर आया था। यहां इसे छोटी-छोटी पुड़िया में बांटकर अधिक कीमत पर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। पुलिस के मुताबिक आरोपी मूल रूप से सुभाष कॉलोनी, अमृतसर (पंजाब) का निवासी है। फिलहाल वह बिलासपुर के उसलापुर स्थित वास्तु शिखर अपार्टमेंट में रह रहा था।
ड्रग नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही पुलिस
मामले को केवल एक आरोपी तक सीमित न मानते हुए पुलिस अब हेरोइन की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। अमृतसर से नशीला पदार्थ बिलासपुर तक कैसे पहुंचा, इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं और आरोपी के पैसों के लेन-देन का नेटवर्क क्या है, इसकी भी जांच की जा रही है। सकरी थाने में आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(बी) और 22(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

