रायपुर के जिओन बार में आधी रात बवाल : छत्तीसगढ़ी गाने को लेकर मारपीट, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत

रायपुर। राजधानी रायपुर के आश्रम तिराहे स्थित जिओन बार में छत्तीसगढ़ी गाना बजाने को लेकर देर रात विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। घटना में बार के कर्मचारी और ग्राहकों, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। आजाद चौक थाना पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर अलग-अलग FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 25 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। दोनों पक्षों की शिकायत में एक-दूसरे पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।

गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

एक पक्ष से ग्राहक योगेश चिचोलकर ने पुलिस को बताया कि वह अपने दो दोस्तों तरुण दास और घनश्याम के साथ बार पहुंचा था। इसी दौरान छत्तीसगढ़ी गाना बजाने की बात को लेकर वहां मौजूद कर्मचारियों से विवाद हो गया। शिकायत के मुताबिक, बहस बढ़ने के बाद बार कर्मचारियों ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर हाथ-मुक्कों से मारपीट की। योगेश ने आरोप लगाया कि उसके साथ बैट-बल्ले से भी मारपीट की गई। शिकायत में चेहरे, गर्दन, पीठ और दाएं पैर में चोट लगने की बात कही गई है। उसके दोनों साथियों के घायल होने का भी आरोप लगाया गया है।

बार कर्मचारी ने भी दर्ज कराई शिकायत

दूसरी ओर, बार में वेटर के तौर पर काम करने वाले दीपक मिश्रा ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उसकी शिकायत के अनुसार, रात में योगेश, तरुण दास और घनश्याम बार में आए थे और छत्तीसगढ़ी गाना बजाने की मांग कर रहे थे। दीपक का आरोप है कि गाना बजाने से मना करने पर तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई और हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। कर्मचारी ने इस दौरान चेहरे पर चोट लगने की बात कही है।

बीच-बचाव में पहुंचे कर्मचारियों का भी जिक्र

दीपक ने अपनी शिकायत में बताया कि विवाद के दौरान मैनेजर उदय सिंह, वेटर बबलू सिंह समेत अन्य लोगों ने बीच-बचाव किया। पुलिस ने शिकायत में बताए गए घटनाक्रम और संबंधित लोगों की भूमिका को जांच में शामिल किया है।

दोनों पक्षों पर BNS की धाराओं में मामला

आजाद चौक थाना पुलिस ने दोनों शिकायतों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। एक FIR रात 2:41 बजे, जबकि दूसरी FIR 3:13 बजे दर्ज की गई। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

मंत्री ओपी चौधरी का बड़ा ऐलान : अब सिर्फ...

रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल यानी हाउसिंग बोर्ड की भूमिका अब केवल मकान बनाने तक सीमित नहीं रहेगी। प्रदेश सरकार इसे...

रायपुर में किसानों की बड़ी हुंकार : महानदी भवन...

रायपुर। राजधानी रायपुर के तूता धरना स्थल पर मंगलवार को किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। धान की कीमत बढ़ाने,...

मतदाता सूची पर कांग्रेस का बड़ा हमला : चुनाव...

बलौदाबाजार। मतदाता सूची में कथित तौर पर नाम हटाए जाने के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।...

छत्तीसगढ़ की जेलों में खाली पदों पर हाईकोर्ट सख्त...

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की जेलों में लंबे समय से खाली पड़े पदों और बेमेतरा जिले के पथर्रा गांव स्थित ओपन जेल की सुरक्षा व्यवस्था को...