चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। यहां एक युवक पर एसिड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप युवक की प्रेमिका पर लगा है। एसिड की चपेट में आने से युवक के हाथ और शरीर के अन्य हिस्से झुलस गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित की पहचान चांपा के वार्ड नंबर-4 सोनारिन घाट निवासी संतोष सोनी के रूप में हुई है। वह सोने के आभूषण बनाने का काम करता है। पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, संतोष का अपने ही समाज की एक युवती के साथ करीब चार वर्षों से प्रेम संबंध था।
आधी रात मिलने पहुंचा था युवक
घटना 28 अक्टूबर की देर रात की बताई जा रही है। संतोष रात करीब 12:30 बजे अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बातचीत बढ़ते-बढ़ते विवाद में बदल गई। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान युवती गुस्से में आ गई और घर में कांच की बोतल में रखा एसिड उसके ऊपर फेंक दिया।
हाथ, कलाई और पसली के पास झुलसा हिस्सा
एसिड की चपेट में आने से संतोष के दाहिने हाथ की भुजा और कलाई के साथ पसली के पास का हिस्सा झुलस गया। घटना के समय उसने काले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जिसका दाहिना हिस्सा भी एसिड के संपर्क में आने से जल गया। घटना के बाद संतोष ने विनोद सोनी और अपनी बहन अंजली सोनी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिकायत के आधार पर चांपा थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई में एसिड से हमला किए जाने की बात सामने आई है। अब घटना के पीछे की परिस्थितियों और दोनों के बीच हुए विवाद की वजह की जांच की जा रही है।

