रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े चुनाव याचिका मामले में मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। सुप्रीम कोर्ट ने भूपेश बघेल की विशेष अनुमति याचिका (SLP) खारिज कर दी है। वहीं, बिलासपुर हाईकोर्ट में भाजपा सांसद विजय बघेल की प्रस्तावित गवाही टल गई है। अब 5 नवंबर को विजय बघेल का बयान दर्ज किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, चुनाव याचिका मामले में मंगलवार को बिलासपुर हाईकोर्ट में विजय बघेल की गवाही होनी थी। इसी दौरान भूपेश बघेल के वकील ने अदालत में आवेदन पेश कर सुनवाई के लिए अगली तारीख देने की मांग की। इसके पीछे सुप्रीम कोर्ट में मामला लंबित होने का हवाला दिया गया।
आवेदन पेश होने के बाद हाईकोर्ट में गवाही की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गई। अब विजय बघेल 5 नवंबर को अदालत में अपना बयान दर्ज कराएंगे। चुनाव याचिका की कार्यवाही में उनकी गवाही को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सुप्रीम कोर्ट से नहीं मिली राहत
इधर, सुप्रीम कोर्ट से भूपेश बघेल को राहत नहीं मिली। शीर्ष अदालत ने उनकी विशेष अनुमति याचिका (SLP) खारिज कर दी। इस घटनाक्रम के बाद चुनाव याचिका मामले में हाईकोर्ट की आगामी सुनवाई महत्वपूर्ण हो गई है। अब सभी की नजरें 5 नवंबर पर टिकी हैं, जब विजय बघेल की गवाही दर्ज होने के साथ चुनाव याचिका मामले में आगे की कार्यवाही होगी।

