रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बीच ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री को बहस की चुनौती दिए जाने के बाद अब रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने पलटवार किया है। उन्होंने राहुल गांधी पर तीखा तंज कसते हुए उन्हें ‘दिमागी नक्सली’ करार दिया और खुद उनके साथ बहस करने की चुनौती दे दी।
पुरंदर मिश्रा का राहुल गांधी पर तीखा हमला
भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें दिमागी नक्सली नहीं कहा, बल्कि राहुल गांधी ने अपनी बातों और विचारों से अपनी मानसिकता उजागर की है। मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि उनके मनोभाव में नक्सली सोच दिखाई देती है, इसलिए उन्हें दिमागी नक्सली कहा जा सकता है।
राहुल गांधी को बहस के लिए दी चुनौती
पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी के प्रधानमंत्री को डिबेट के लिए आमंत्रित करने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को सीधे प्रधानमंत्री से बहस की चुनौती देने के बजाय पहले भाजपा के किसी छोटे कार्यकर्ता या उनसे ही चर्चा कर लेनी चाहिए। विधायक ने कहा कि राहुल गांधी पहले उनसे बहस करें, उसके बाद प्रधानमंत्री तक पहुंचने की बात करें।
बस्तर में पीएम मोदी ने किया था ‘दिमागी नक्सल’ का जिक्र
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीपावली के अवसर पर बस्तर पहुंचे थे। यहां उन्होंने सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाई और मिठाई बांटकर त्योहार की खुशियां साझा की थीं। अपने संबोधन में उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलताओं का उल्लेख करते हुए कहा था कि हथियारबंद माओवादियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है, लेकिन नक्सली विचारधारा का खतरा अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया था कि ‘दिमागी नक्सली’ राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों में अपनी जगह बना चुके हैं तथा लोगों को संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ भड़काने का काम कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी को दी थी बहस की चुनौती
प्रधानमंत्री के इस बयान पर राहुल गांधी ने पलटवार करते हुए उन्हें खुली बहस की चुनौती दी थी। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री को इस मुद्दे पर चर्चा करनी चाहिए कि आखिर देशद्रोही कौन है और कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है।

