दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग में नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन भवन और रुआबांधा पुलिस चौकी का लोकार्पण किया। करीब 35 लाख रुपये की लागत से तैयार साइबर थाना भवन के शुरू होने से दुर्ग रेंज के तीन जिलों दुर्ग, बालोद और बेमेतरा में साइबर अपराधों की जांच और शिकायतों पर कार्रवाई को नई सुविधा मिलेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान-नशा मुक्ति’ का भी पोस्टर विमोचन कर शुभारंभ किया।
दुर्ग, बालोद और बेमेतरा के साइबर मामलों की होगी जांच
महिला थाना सेक्टर-06, भिलाई के समीप निर्मित नए रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन भवन का मुख्यमंत्री ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने भवन का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने विजिटर बुक में शुभकामना संदेश भी दर्ज किया। नवीन साइबर थाना दुर्ग रेंज के तीन जिलों के क्षेत्राधिकार में काम करेगा। यहां ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध और अन्य तकनीक आधारित अपराधों की शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जटिल मामलों की विवेचना और डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण भी किया जाएगा। इससे साइबर अपराध के पीड़ितों को सहायता उपलब्ध कराने और मामलों की जांच में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रुआबांधा पुलिस चौकी का भी हुआ उद्घाटन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रुआबांधा पुलिस चौकी का भी लोकार्पण किया। नई चौकी के शुरू होने से आसपास के क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी और स्थानीय नागरिकों को पुलिस सेवाएं अधिक सुलभ हो सकेंगी।
तीन स्तरों पर चलेगा ‘संकल्प अभियान-नशा मुक्ति’
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान-नशा मुक्ति’ का पोस्टर जारी कर अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत नशे की समस्या से निपटने के लिए तीन स्तरों पर काम किया जाएगा।
पहला- जागरूकता और रोकथाम: गांवों, वार्डों, शिक्षण संस्थानों और परिवारों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा। लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
दूसरा- अवैध कारोबार पर कार्रवाई: मादक पदार्थों और नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री एवं तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
तीसरा- उपचार और पुनर्वास: नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास की सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।
इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
साइबर अपराध और नशे से जुड़ी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों को साइबर अपराध और नशे से संबंधित सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
मानस हेल्पलाइन: 1933
एएनटीएफ दुर्ग हेल्पलाइन: 94791-5151
साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन: 1930
पुलिस ने लोगों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी होने पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने की अपील की है। साथ ही नशे के अवैध कारोबार की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का आग्रह किया है।
कार्यक्रम में ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा एवं ग्रामोद्योग मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग सांसद विजय बघेल, ललित चंद्राकर, राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, कमिश्नर सत्यनारायण राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

