रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक सराफा दुकान को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। रावतपुरा कॉलोनी स्थित श्री गुरु ज्वेलर्स में चोरों ने दुकान की दीवार में छेद कर अंदर प्रवेश किया और करीब 20 किलो चांदी के जेवर, सोने के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने रात के समय रावतपुरा कॉलोनी स्थित श्री गुरु ज्वेलर्स को अपना निशाना बनाया। चोरों ने पहले दुकान की दीवार को तोड़कर छेद किया। इसके बाद इसी रास्ते से दुकान के अंदर दाखिल हुए। दुकान में प्रवेश करने के बाद चोरों ने वहां रखे चांदी के जेवर, सोने के आभूषण और नकदी समेटी और मौके से फरार हो गए।

दुकान खोलने पर सामने आई वारदात
चोरी की जानकारी दुकान संचालक को सुबह दुकान खोलने के बाद हुई। दुकान की दीवार टूटी देखकर और सामान गायब मिलने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। सामने आए वीडियो में चोरों की गतिविधियां कैद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस आसपास के मार्गों और कॉलोनी में लगे अन्य CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान से जुड़े सुराग मिल सकें।
प्रारंभिक जांच में वारदात में एक से अधिक लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्धों की तलाश कर रही है। वहीं, चोरी गए आभूषणों की वास्तविक मात्रा और कीमत का भी आकलन किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

