दुर्ग में दिल दहला देने वाली वारदात : कॉन्स्टेबल की पत्नी और 9 साल के बेटे की महिला ने की हत्या, बेटी ने बाथरूम में छिपकर बचाई जान

दुर्ग | छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सुपेला थाना क्षेत्र में एक महिला ने कॉन्स्टेबल की पत्नी और उसके 9 साल के मासूम बेटे की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। यह घटना कातुलबोड़ की है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला का एसटीएफ में पोस्टेड आरक्षक ललितेश यादव से अवैध संबंध होने की बात सामने आ रही है। इसी को लेकर हुए विवाद के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय घर में मौजूद दंपति की बेटी ने खुद को बाथरूम में बंद कर किसी तरह अपनी जान बचाई।

बताया जा रहा है कि आरोपी महिला घर में घुसी और अचानक हमला कर दिया। उसने धारदार हथियार से कॉन्स्टेबल की पत्नी और उसके बेटे पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मां-बेटे रीना यादव (35), अदित्य यादव (9) दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के हर पहलू को खंगाला जा रहा है। शुरुआती जांच में अवैध संबंध को ही हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य एंगल से भी जांच कर रही है।

Exit mobile version