भिलाई में पॉवर हाउस फ्लाईओवर से युवती ने लगाई छलांग, मौके पर मौत, जांच में जुटी पुलिस

भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पॉवर हाउस फ्लाईओवर से एक 21 वर्षीय युवती ने छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान खुर्शीपार निवासी पूनम अहिरवार के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक, पूनम सुबह टहलने जाने की बात कहकर घर से निकली थी। इसके बाद पॉवर हाउस फ्लाईओवर पर यह घटना हुई। युवती के पिता के अनुसार, पूनम लंबे समय से मिर्गी के दौरे की समस्या से परेशान थी और उसका इलाज एम्स में चल रहा था।

मिर्गी का दौरा या आत्महत्या, जांच जारी

घटना को लेकर अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवती को फ्लाईओवर पर मिर्गी का दौरा पड़ा था या उसने जानबूझकर छलांग लगाई। पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। सूचना मिलने के बाद छावनी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

Exit mobile version