अंबिकापुर। सोशल मीडिया पर बलात्कार पीड़िता की पहचान और निजी जानकारी कथित तौर पर सार्वजनिक करने के मामले में अंबिकापुर पुलिस ने सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने बुधवार दोपहर उसे हिरासत में लिया। मेडिकल जांच के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
इस मामले में होली क्रॉस कॉलेज के लेक्चरर अकील अहमद अंसारी सहित अन्य लोगों के खिलाफ भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में सोशल मीडिया के जरिए आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने और पीड़िता की निजता प्रभावित करने से जुड़े आरोपों की जांच की जा रही है।
4 अक्टूबर को दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के मुताबिक, मामले की शुरुआत शहर के गंगापुर निवासी शैलेन्द्र शर्मा की शिकायत से हुई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आकांक्षा टोप्पो, अकील अहमद अंसारी और कुछ अन्य सोशल मीडिया चैनल संचालकों ने एक बलात्कार पीड़िता से संबंधित निजी जानकारी को सार्वजनिक किया।शिकायतकर्ता का आरोप है कि पीड़िता की परिस्थितियों का फायदा उठाकर उसका इंटरव्यू लिया गया और उसकी पहचान से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दी गई।
इंटरव्यू में आपत्तिजनक सवाल पूछने का आरोप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि इंटरव्यू के दौरान पीड़िता से उसके निजी अंगों से जुड़े कथित तौर पर अमर्यादित सवाल किए गए। आरोप है कि इंटरव्यू की रिकॉर्डिंग को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया, जिससे पीड़िता की निजता और सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई।
गाली-गलौज और भड़काऊ पोस्ट के भी आरोप
शिकायतकर्ता ने आकांक्षा टोप्पो पर सोशल मीडिया के माध्यम से गाली-गलौज और कथित भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने के आरोप भी लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 196(1), 352 और 353(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।
मामले में कई नाम सामने आए
इस प्रकरण से जुड़े घटनाक्रम में पुलिस ने भाजपा नेता रविंद्र तिवारी के खिलाफ भी बलात्कार पीड़िता के चरित्र पर कथित रूप से लांछन लगाने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है। वहीं, आकांक्षा टोप्पो की शिकायत पर 4 अक्टूबर को भाजपा नेता धीरज सिंह के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया था।
