अपेक्स बैंक में 18.13 करोड़ का गबन : तीन कर्मचारी बर्खास्त, 5 आउटसोर्स कर्मी भी हटाए गए

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) की बरमकेला शाखा में 18.13 करोड़ रुपये के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। बैंक प्रबंधन की जांच में पाया गया कि अप्रैल 2021 से नवंबर 2024 के बीच शाखा के कर्मचारियों ने समितियों के खातों और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) खातों में अनाधिकृत लेन-देन कर करोड़ों रुपये का गबन किया। इस मामले में बैंक प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए 8 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है।

अपेक्स बैंक के प्राधिकृत अधिकारी केदार नाथ गुप्ता ने बताया कि शाखा बरमकेला, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में कर्मचारियों द्वारा समितियों के खातों को नामे कर डीएमआर खातों के माध्यम से नियम विरुद्ध ट्रांजेक्शन किए गए। साथ ही केसीसी खातों से भी अनधिकृत रूप से राशि अंतरण कर करीब 18.13 करोड़ रुपये का गबन किया गया। मामले में शामिल कुल 8 कर्मचारियों के खिलाफ 4 मई 2025 को थाना बरमकेला में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है।

बैंक प्रबंधन ने विशेष ऑडिट और उच्च स्तरीय जांच के बाद दोषी पाए गए तीन नियमित कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। इनमें शाखा प्रबंधक डीआर वाघमारे, लेखाधिकारी मीनाक्षी मांझी और लिपिक आशीष कुमार पटेल शामिल हैं। इसके अलावा पांच आउटसोर्सिंग कर्मचारियों लिकेश कुमार बैरागी, रमाकांत श्रीवास, अरुण चंद्राकर, खीरदास महंत और बालकृष्ण कर्ष को भी नौकरी से बाहर कर दिया गया है।

बैंक प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि गबन में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमानुसार राशि की वसूली की जाएगी। केदार नाथ गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच के लिए आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) से सैद्धांतिक सहमति प्राप्त हो चुकी है और एजेंसी जल्द ही जांच शुरू करेगी।

सहकारी बैंकों में पारदर्शिता बढ़ाने की पहल
गुप्ता ने कहा कि सहकारी बैंकों में गबन और किसानों के नाम पर फर्जी ऋण पर रोक लगाने के लिए नए सॉफ्टवेयर सिस्टम लागू किए गए हैं। ई-केसीसी पोर्टल के माध्यम से किसानों को ऋण वितरण के लिए बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण अनिवार्य किया गया है। बैंकिंग निरीक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ ऑडिट प्रक्रिया को भी सख्त किया जा रहा है।

1451 समिति प्रबंधकों की भर्ती को मिली अनुमति
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर सहकारिता विभाग ने अपेक्स बैंक और जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के लिए 1451 समिति प्रबंधक (नवीन संवर्ग) पदों की भर्ती को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में सहकारी सेवाओं का विस्तार करने के लिए 515 नई पैक्स समितियों के गठन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।

वित्तीय अनियमितताओं पर सख्ती से बैंक का मुनाफा बढ़ा
अपेक्स बैंक के अनुसार वित्तीय अनियमितताओं पर सख्ती और निगरानी बढ़ाने के बाद बैंक के लाभ में भी वृद्धि हुई है। वर्ष 2024-25 में बैंक ने 38.99 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 40.86 करोड़ रुपये हो गया है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

बहुमंजिला भवनों, कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का होगा...

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य में जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बहुमंजिला आवासीय परिसरों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, कोचिंग संस्थानों, होटलों तथा अन्य सार्वजनिक...

स्टेट GST विभाग की बड़ी कार्रवाई : राजनांदगांव में...

रायपुर। राज्य कर विभाग (स्टेट जीएसटी), छत्तीसगढ़ द्वारा कर चोरी एवं फर्जी बिलिंग के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई...

छत्तीसगढ़ में 10 ट्रेनें रद्द, 5 दिनों तक कई...

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ने वाली है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में निपनिया-भाटापारा सेक्शन में अंडरब्रिज निर्माण कार्य...

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बड़ी राहत : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े...

रायपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के हित में बड़ा और दूरगामी फैसला लेते हुए साड़ी की...