रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के युवा संगठन से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। कांकेर निवासी भूपेंद्र नाग को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा की ओर से जारी नई नियुक्तियों की सूची में भूपेंद्र नाग को राष्ट्रीय टीम में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
यह नियुक्ति भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर की गई है। भूपेंद्र नाग इससे पहले छत्तीसगढ़ भाजयुमो में प्रदेश उपाध्यक्ष के तौर पर संगठन की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। प्रदेश स्तर पर उनके संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ को मिला प्रतिनिधित्व
भूपेंद्र नाग की नियुक्ति के साथ ही छत्तीसगढ़ को भाजयुमो की राष्ट्रीय टीम में प्रतिनिधित्व मिला है। कांकेर जैसे आदिवासी बहुल क्षेत्र से आने वाले नाग की राष्ट्रीय पद पर नियुक्ति को संगठन में छत्तीसगढ़ की भागीदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इन नेताओं को भी मिली राष्ट्रीय जिम्मेदारी
भाजपा द्वारा जारी सूची में भूपेंद्र नाग के साथ अलग-अलग राज्यों के कई नेताओं को भाजयुमो में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार, उत्तर प्रदेश के निखिल मणि तिवारी, नागालैंड के अरविंद दमानी, तेलंगाना की मालोथ कोमली नाइक, बिहार के राज राजेंद्र सिंह और पश्चिम बंगाल के विधायक सौमेन करफा शामिल हैं।

