रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज 22 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति दोपहर 12:15 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एयरपोर्ट पहुंचकर उनका स्वागत करेंगे। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान राष्ट्रपति राजधानी रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। वहीं, 23 अक्टूबर को वे बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर का दौरा करेंगी।
पहले दिन रायपुर में कई कार्यक्रमों में होंगी शामिल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 अक्टूबर को दोपहर 12:45 बजे लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान पूज्य माता हासी देवी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगी। इसके बाद शाम 4 बजे राष्ट्रपति इंडोर स्टेडियम में आयोजित नुआखाई पर्व कार्यक्रम में शिरकत करेंगी। साथ ही ‘सेवा सम्मान पर्व’ और ‘युवा प्रबोधन’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

23 को जगदलपुर जाएंगी राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 23 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जगदलपुर के लिए रवाना होंगी। वहां वे मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद दोपहर 12:45 बजे मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के बस्तर दौरे को लेकर भी प्रशासन ने आवश्यक तैयारियां की हैं।
कई रास्तों पर ट्रैफिक प्रतिबंध
राष्ट्रपति के रायपुर दौरे को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद रहेगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था इस प्रकार रहेगी:
- ओल्ड पुलिस हेडक्वार्टर से लोक भवन चौक: इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। लोगों को कलेक्ट्रेट चौक से होकर गुजरना होगा।
- LIC ऑफिस से सिविल लाइन रोड: इस मार्ग को बंद रखा जाएगा। वैकल्पिक रास्ते के रूप में आयकर भवन के पास से आवागमन किया जा सकेगा।
- लोक भवन से सप्रे शाला रोड: इंडोर स्टेडियम जाने के दौरान काली माता मंदिर और महिला थाना होते हुए सप्रे शाला रोड पर निर्धारित समय से करीब आधे घंटे पहले यातायात रोका जाएगा।
- बूढ़ेश्वर चौक से लोक भवन: महिला थाना और OCM चौक की ओर से आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
- एयरपोर्ट से लोक भवन: VIP रोड, एक्सप्रेसवे, शंकर नगर ब्रिज और SRP चौक के रास्ते पर निर्धारित समय से करीब आधे घंटे पहले यातायात रोका जाएगा।
- लोक भवन से एयरपोर्ट: SRP चौक, शंकर नगर और एक्सप्रेसवे के रास्ते पर भी यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी यात्रा की योजना बना लें और संभावित ट्रैफिक जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 2000 से ज्यादा जवान तैनात
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 2000 से अधिक पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा 3 IG, 6 DIG और SP रैंक के 10 अधिकारियों समेत 100 से अधिक अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दूसरे जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। राष्ट्रपति के आगमन, कार्यक्रम स्थलों और उनके आवागमन वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
राष्ट्रपति के इस दौरे को देखते हुए रायपुर और जगदलपुर में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

