सूरजपुर। जिले में बच्चा चोरी के शक में एक ऑटो चालक के साथ ग्रामीणों ने जमकर मारपीट कर दी। आक्रोशित लोगों ने ऑटो चालक को पेड़ से बांध दिया और पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र में परशुराम मंदिर के पास एक ऑटो चालक पर बच्चा चोरी करने का शक हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ऑटो चालक एक छात्रा को जबरदस्ती अपने ऑटो में बैठाने की कोशिश कर रहा था, जबकि छात्रा ऑटो में बैठना नहीं चाहती थी। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों को शक हुआ और उन्होंने ऑटो चालक को पकड़ लिया।

लोगों ने उससे पूछताछ शुरू की, इसी दौरान मौके पर भीड़ जुट गई। लोगों को जब घटना की जानकारी मिली तो गुस्साए ग्रामीणों ने ऑटो चालक को पास के पेड़ से कपड़े से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी चप्पलों से उसे पीटा।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ऑटो चालक पेड़ से बंधा दिखाई दे रहा है और लोग उसकी पिटाई कर रहे हैं। मार खाते हुए वह लोगों से छोड़ देने की गुहार लगाता नजर आ रहा है। इधर, घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो चालक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
