प्रदेश कांग्रेस सचिव अय्यूब खान ने भाजपा पर बोला हमला, कहा – छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ा अपराधा का ग्राफ, आने वाले दिनों में बड़ा जन आंदोलन बनेगी न्याय यात्रा

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अय्यूब खान ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ पिछले 9 महीनों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासनकाल में गंभीर संकट से गुजर रहा है। अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ा है और महिलाओं की सुरक्षा पर सवालिया निशान लग गए हैं। न्याय यात्रा में जनता के उत्साहपूर्वक वातावरण से यह साफ हो गया कि आने वाले दिनों में यह न्याय यात्रा और भी बड़ा जनांदोलन बनेगी।

उन्होंने कहा, हाल की घटनाएं जैसे बलौदाबाजार में निर्दोष लोगों की गिरफ्तारी, कांग्रेस के विधायक सहित बहुत से कांग्रेसी नेताओं की अन्याय पूर्ण गिरफ्तारी और कवर्धा में साहू समाज के तीन युवाओं की दुर्भाग्यपूर्ण मौत सरकार की विफलता को उजागर करती है। शांति का टापू कहे जाने वाला छत्तीसगढ़ अब अपराध का गढ़ बन गया है। आए दिन अपराध के नए-नए किस्से सुनने और देखने को मिलते हैं। जनता का सरकार की गूंगी-बहरी भूमिका से भरोसा टूट गया है। इन्हीं घटनाओं और विफलताओं के खिलाफ आवाज़ उठाने तथा प्रदेश में पुनः सामाजिक समरसता और शांति स्थापित करने के उद्देश्य से कांग्रेस ने ‘छत्तीसगढ़ न्याय यात्रा’ की शुरुआत की।

अय्यूब ने कहा, छह दिन की पदयात्रा 125 किमी का सफर तय करते हुए 2 अक्टूबर को रायपुर के गांधी मैदान में ऐतिहासिक सभा के साथ समाप्त हुआ। इस यात्रा का मुख्य मकसद है जनता को न्याय दिलाना और राज्य में कानून-व्यवस्था की बहाली सुनिश्चित करना है। गिरौदपुरी की तपोभूमि से इस न्याय यात्रा का आगाज़ किया गया था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस यात्रा की शुरुआत की थी।

इस यात्रा में कांग्रेस के प्रथम चरण समापन अवसर पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री भुपेश बघेल,प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, वरिष्ठ नेता टीएस बाबा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश प्रभारी जन संपत कुमार, एस जरिता, विजय जांगिड,राज्यसभा सदस्य फूलो देवी नेताम सहित सभी पूर्व मंत्री, विधायकजन, पूर्व विधायक, प्रभारी संगठन मलकीत सिंह गेंदू सहित प्रदेश पधाधिकारी, जिला अध्यक्ष, सेवादल,ब्लॉक अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस,एनएसयूआई एवं प्रदेश भर के कांग्रेस विधायक प्रदेश शामिल हुए।

प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा शासन पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है और अपराधों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। यात्रा की सफलता पर अय्यूब खान ने कहा, “यह यात्रा न केवल न्याय की मांग है, बल्कि प्रदेश में शांति और समरसता की वापसी की एक पहल है। हमें जनता का जो समर्थन मिला है, उससे साफ है कि छत्तीसगढ़ न्याय चाहता है।” उन्होंने यात्रा में शामिल होने वाले हजारों लोगों को धन्यवाद दिया और सभी से अपील की कि वे इस यात्रा में जुड़ते रहें।