बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होने से पहले अवैध धान के भंडारण और दूसरे राज्यों से होने वाले परिवहन पर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। इसी अभियान के तहत बलरामपुर जिले में दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में धान जब्त किया गया। बसंतपुर में दो लोगों के घरों से 26 क्विंटल धान मिला, जबकि उत्तरप्रदेश की ओर से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा 150 बोरी धान भी पकड़ा गया।
दो घरों में मिला धान, दस्तावेज नहीं दिखा सके
प्रशासनिक टीम ने बसंतपुर में राजकुमार गुप्ता और शिवप्रसाद गुप्ता के घरों की जांच की। इस दौरान वहां धान का भंडारण पाया गया। अधिकारियों ने जब धान से संबंधित दस्तावेज मांगे तो संबंधित लोग वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों स्थानों से कुल 26 क्विंटल धान जब्त किया गया।
यूपी से छत्तीसगढ़ आ रही थी 150 बोरी धान
प्रशासन की दूसरी कार्रवाई में उत्तरप्रदेश से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा धान पकड़ में आया। वाहन की जांच के दौरान उसमें 150 बोरी धान पाया गया। परिवहन से संबंधित दस्तावेजों और नियमों के पालन की जांच की जा रही है। धान ले जाने में इस्तेमाल किए जा रहे स्वराज माजदा वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि धान का परिवहन किन परिस्थितियों में किया जा रहा था और इसके लिए आवश्यक अनुमति व दस्तावेज मौजूद थे या नहीं।
कलेक्टर के निर्देश पर टीम ने की कार्रवाई
कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम डॉ. टीडी मरकाम, तहसीलदार अश्विनी चंद्रा और नायब तहसीलदार जितेंद्र डहरे की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। धान खरीदी का सीजन नजदीक आने के साथ प्रशासन ने अवैध भंडारण, परिवहन और दूसरे राज्यों से धान लाकर खरीदी व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर निगरानी तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
