कुबेरपुर विवाद पर मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सख्त : पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, बोलीं- निर्दोषों को न फंसाएं

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पुलिस को लगाई फटकार

सूरजपुर। चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के ग्राम कुबेरपुर में सड़क हादसे के बाद हुए विवाद और आगजनी की घटना को लेकर अब सियासी हलचल तेज हो गई है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े मंगलवार को मृतका के परिजनों से मिलने गांव पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए मामले में निष्पक्षता बरतने के निर्देश दिए।

हादसे के बाद की कार्रवाई पर मंत्री ने मांगा जवाब

मंत्री ने मृतका के परिवार से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने हादसे में शामिल बताए जा रहे ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कार्रवाई और कथित अवैध परिवहन को लेकर भी सवाल उठाए। मंत्री ने अधिकारियों से सवाल किया कि जब हादसा दोपहर में हुआ था, तो शाम तक पुलिस और प्रशासन ने क्या कदम उठाए? उनका कहना था कि घटना के मूल कारणों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच किए बिना सिर्फ ग्रामीणों पर कार्रवाई करना उचित नहीं है।

ग्रामीणों ने मंत्री के सामने सुनाई पुलिस की कार्रवाई

दौरे के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री के सामने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने के आरोप लगाए। ग्रामीणों का दावा था कि आगजनी की घटना के बाद कई लोगों को बिना पर्याप्त आधार के मामले में आरोपी बनाया गया और उन्हें परेशान किया जा रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और निर्दोष लोगों को राहत देने की मांग मंत्री के सामने रखी।

हिरासत में मारपीट के आरोप पर भी सख्ती

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने से पहले उसके विरुद्ध पर्याप्त और ठोस साक्ष्य होना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि बिना प्रमाण किसी ग्रामीण को जेल नहीं भेजा जाना चाहिए। हिरासत में मारपीट किए जाने की शिकायतों को लेकर भी मंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई हो और जांच में किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो।

हादसे के जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग

मंत्री ने कहा कि सड़क हादसे में जिस व्यक्ति की मौत हुई, उसके परिवार को न्याय मिलना जरूरी है। इसके लिए हादसे के लिए जिम्मेदार व्यक्ति और कथित अवैध गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की भी जांच होनी चाहिए। कुबेरपुर की घटना के बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर उठे सवालों के बीच मंत्री के दौरे ने मामले को एक नया राजनीतिक आयाम दे दिया है। अब पुलिस और प्रशासन के स्तर पर मामले की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है, इस पर सभी की नजर है।

Exit mobile version