तिफरा मंडी में भाजपा पार्षद से भिड़ा दूसरा पक्ष : जमकर मारपीट-गाली गलौज, FIR के बाद CCTV खंगाल रही पुलिस

भाजपा पार्षद बंधु मौर्य और दूसरे पक्ष के बीच विवाद

बिलासपुर। तिफरा स्थित थोक फल-सब्जी मंडी में भाजपा पार्षद बंधु मौर्य और दूसरे पक्ष के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। घटना के बाद दोनों पक्ष शिकायत लेकर सिरगिट्टी थाने पहुंचे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालना शुरू कर दिया है।

एक पक्ष की शिकायत पर दर्ज हुआ अपराध

पुलिस के अनुसार, बंधु मौर्य की शिकायत के आधार पर दूसरे पक्ष के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और बलवा समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों को फिलहाल जांच में रखा गया है। पुलिस ने घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और घटनास्थल पर किसकी क्या भूमिका रही।

पुराने विवाद और लेनदेन का एंगल भी सामने आया

जांच में पुलिस को दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद होने की जानकारी मिली है। अधिकारियों के मुताबिक व्यापारिक लेनदेन को लेकर मतभेद और पुरानी रंजिश भी इस घटना की वजह हो सकती है। पुलिस कुछ दिन पहले बंधु मौर्य से जुड़ी हत्या के प्रयास की घटना को भी जांच के दायरे में रखकर दोनों मामलों के बीच किसी संभावित कड़ी की पड़ताल कर रही है।

शांति व्यवस्था के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

एडिशनल एसपी पंकज कुमार पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद की स्थिति रही है। एक पक्ष की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत और आरोपों की जांच जारी है। उन्होंने बताया कि इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

Exit mobile version