भिलाई। भिलाई नगर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों में नागरिक सुविधाओं को बेहतर करने के लिए करीब 1 करोड़ 96 लाख रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी मिली है। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं भिलाई नगर के पूर्व विधायक प्रेमप्रकाश पाण्डेय की पहल पर स्वीकृत इन कार्यों में सड़क निर्माण, गार्डन सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, मुक्तिधाम का उन्नयन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम शामिल हैं।
इन विकास कार्यों के लिए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव की ओर से स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन वार्डों में होंगे प्रमुख काम
वार्ड 38 सोनिया गांधी नगर में शिवालय के पास गार्डन के सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं वार्ड 46 दुर्गा मंदिर क्षेत्र के उड़िया बस्ती मिलावट पारा में सीसी रोड निर्माण के लिए 20 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। वार्ड 42 गौतम नगर के तेलुगु मोहल्ले में सीसी रोड निर्माण के लिए 9 लाख, प्रवेश द्वार के लिए 9 लाख, पंचशील नगर में सीसी रोड के लिए 9 लाख और गली नंबर 5 में गार्डन सौंदर्यीकरण व प्रकाश व्यवस्था के लिए 23 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वार्ड 48 जोन-3 खुर्सीपार में विभिन्न स्थानों पर सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख और बीएसपी पानी टंकी के पीछे फेंसिंग व सौंदर्यीकरण के लिए 6 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।
मुक्तिधाम से लेकर पेवर ब्लॉक तक के काम
वार्ड 40 शहीद सुमन यादव नगर, छावनी में मुक्तिधाम के उन्नयन और जीर्णोद्धार के लिए 30 लाख रुपये तथा श्रमिक नगर बस्ती में पेवर ब्लॉक निर्माण के लिए 20 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसी तरह वार्ड 56 सेक्टर-2 पश्चिम में डोम शेड निर्माण के लिए 10 लाख, वार्ड 45 बालाजी नगर में अग्निकुल क्षत्रिय समाज के स्नानागार और शौचालय के लिए 5 लाख, वार्ड 51 शहीद वीर नारायण सिंह नगर में विश्वकर्मा मंदिर के पास पेवर ब्लॉक के लिए 10 लाख और वार्ड 58 सेक्टर-4 पश्चिम में सड़क नंबर 38 के पास गार्डन सौंदर्यीकरण एवं प्रकाश व्यवस्था के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
प्रेमप्रकाश पाण्डेय बोले- विकास कार्यों को जमीन पर उतारना प्राथमिकता
विकास कार्यों की स्वीकृति पर प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भिलाई नगर के प्रत्येक वार्ड में सड़क, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ घोषणाओं तक सीमित रहना नहीं, बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारना है। क्षेत्र की जरूरतों और नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आगे भी विकास कार्य जारी रखने की बात उन्होंने कही।

