दुर्ग संभाग के बारूद फैक्ट्री में बड़ा ब्लास्ट: अब तक एक की मौत, मलबे में कई लोगों की दबे होने की आशंका… डिप्टी CM अरुण साव मौके पर पहुंचे; दंडाधिकारी जांच के आदेश

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के दुर्ग संभाग के बेमेतरा जिले में बड़ा ब्लास्ट हुआ है। यह ब्लास्ट एक बारूद फैक्ट्री में हुआ है। बताया जा रहा है कि मलबे में कई लोग दबे हो सकते हैं। अभी सिर्फ आसपास काम कर रहे मजदूरों का रेस्क्यू किया गया है। इनमें से 7 घायलों को रायपुर लाया गया था जिसमें से एक ने दम तोड़ दिया है। बताया जा रहा है कि सुबह 6 से 7 बजे के बीच यह हादसा हुआ है। घटना बेरला ब्लॉक के ग्राम बोरसी स्थित स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड बारूद फैक्ट्री की है। फैक्ट्री में 800 से ज्यादा लोग काम करते हैं। रायपुर रेफर किए घायलों में से एक मजदूर ने कहा कि, जिस बिल्डिंग में ब्लास्ट हुआ वहां 8-10 लोग मौके पर थे। हम लोग दूसरे बिल्डिंग में थे।

मौके पर डिप्टी CM, IG समेत कलेक्टर मौके पर मौजूद
ब्लास्ट में कई लोगों के मरने और कई के घायल होने की खबर है। बताया जा रहा है कि मलबे में कई लोग दबे हो सकते हैं। घटना बेरला ब्लॉक के ग्राम बोरसी में स्थित स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड बारूद फैक्ट्री की है। हादसे के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना में घायल हुए कुछ लोगों को रायपुर के मेहाकारा रेफर किया गया है। इसके अलावा नजदीकी अस्पताल में भी कई लोगों को भर्ती कराया गया है। फिलहाल मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि नहीं है। बेमेतरा कलेक्टर ने कहा कि SDM समेत प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है। वह भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल कितने घायल हैं या फिर कितने लोग मलबे में दबे हैं, इसकी जानकारी नहीं है। वह मौके पर पहुंचकर ही बता पाएंगे। डिप्टी CM अरुण साव, IG राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर रणबीर शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद है।

विस्फोट मामले की होगी दंडाधिकारी जांच
बेमेतरा जिले के बोरसी गांव स्थित बारूद फैक्ट्री में हुए विस्फोट मामले में छत्तीसगढ़ सरकार ने दंडाधिकारी जांच के आदेश दे दिए हैं। दुर्घटना में मृतक परिवार के लिए पांच लाख रुपए और घायलों के लिए पचास हजार रुपए की घोषणा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की है। साय ने अपने सोशल मीडिया हैंडल X पर लिखा है कि बेमेतरा जिले के बोरसी गांव स्थित बारूद फैक्ट्री में हुए विस्फोट मामले के दंडाधिकारी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। दुर्घटना में हुई मौत पर मृतक के परिजनों को पांच लाख रुपए एवं घायलों को पचास हजार रुपए आर्थिक सहायता देने के आदेश भी दे दिए गए हैं। घायलों को समुचित इलाज के लिए रायपुर लाया जा रहा है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य की उच्चस्तरीय निगरानी की जा रही है। ईश्वर से मृतक की आत्मा की शांति एवं घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।

मलबे में कई मजदूरों की दबे होने की आशंका
बताया जा रहा है कि, फैक्ट्री का पूरा कैंपस करीब 40 एकड़ में फैला हुआ है। इसमें करीब 50-50 हजार स्क्वेयर फीट में 3 सेटअप लगे थे। इसमें से एक सेटअप में ब्लास्ट हुआ है। वहीं सेटअप के आसपास 4 टंकियों में एक्सप्लोसिव लिक्विड भरा हुआ था। इसमें से एक टंकी ब्लास्ट में जमींदोज हो गई है। नष्ट हुई टंकी से लिक्विड ब्लास्ट हो रहा है जिसे ठंडा करने की कोशिश लगातार जारी है। इसके अलावा बाकी 2 सेटअप और आसपास की 3 टंकियां अभी सुरक्षित है। यहां काम कर रहे मजदूरों को भी रेस्क्यू कर लिया गया है। लेकिन जिस सेटअप में ब्लास्ट हुआ वहां मलबे में दबे मजदूरों का रेस्क्यू किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि, करीब 7.45 बजे किसी मशीन में आग लगी जिसके बाद यह ब्लास्ट हुआ। यहां 8-10 मजदूर मौके पर थे।