कोयला लेवी घोटाला : कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को हाईकोर्ट से झटका, जमानत याचिका खारिज

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित कोयला लेवी घोटाले में गिरफ्तार कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के पूर्व अध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। उनकी नियमित जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस नरेंद्र कुमार व्यास की सिंगल बेंच ने उसे खारिज कर दिया। अदालत ने कहा कि केस डायरी और जांच में जुटाए गए साक्ष्यों से प्रथम दृष्टया आर्थिक अपराध में उनकी संलिप्तता के संकेत मिलते हैं।

रामगोपाल अग्रवाल को एसीबी/ईओडब्ल्यू में दर्ज अपराध क्रमांक 03/2024 के तहत 8 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद से वे न्यायिक हिरासत में हैं।

ऑनलाइन परमिट व्यवस्था बदलकर वसूली का आरोप

अभियोजन के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में कोयला परिवहन के लिए लागू ऑनलाइन परमिट व्यवस्था को कथित तौर पर मैनुअल प्रणाली में बदल दिया गया था। इसके बाद कोयले के परिवहन पर 25 रुपये प्रति टन के हिसाब से अवैध रकम वसूलने का नेटवर्क चलाया गया। जांच एजेंसियों का दावा है कि जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच रायगढ़, कोरबा और सूरजपुर समेत कोयला उत्पादक जिलों में इस नेटवर्क के जरिए करीब 540 करोड़ रुपये की अवैध लेवी वसूली गई। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रिपोर्ट के आधार पर 17 जनवरी 2024 को इस मामले में 35 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

104.20 करोड़ रुपये कांग्रेस के लिए खर्च करने का आरोप

जांच एजेंसी ने आरोप लगाया है कि रामगोपाल अग्रवाल ने कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष के पद पर रहते हुए देवेंद्र डडसेना के माध्यम से कथित अवैध लेवी से प्राप्त 104.20 करोड़ रुपये पार्टी के लिए खर्च किए। जांच में अग्रवाल और उनके परिजनों के नाम पर संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी भी सामने आने का दावा किया गया है।

बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी और हिरासत पर उठाए सवाल

जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान अग्रवाल की ओर से अधिवक्ताओं ने गिरफ्तारी को अनुचित बताते हुए राहत की मांग की। बचाव पक्ष का तर्क था कि उन्होंने जांच में सहयोग किया है और अब उनसे हिरासत में पूछताछ की जरूरत नहीं रह गई है। इसके अलावा ट्रायल में देरी और इसी मामले के कुछ अन्य आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने का हवाला भी दिया गया। बचाव पक्ष ने इन्हीं आधारों पर नियमित जमानत देने की अपील की।

शासन ने संपत्तियों के स्रोत पर उठाए सवाल

राज्य शासन की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता प्रवीण दास ने जमानत का विरोध किया। उन्होंने अदालत को बताया कि जांच के दौरान सामने आई संपत्तियों की खरीद के लिए अग्रवाल आय का संतोषजनक स्रोत स्पष्ट नहीं कर सके हैं। जांच में उनके बेटे के नाम पर भी कई संपत्तियां खरीदे जाने की जानकारी सामने आई है। शासन की दलील थी कि मामले की गंभीरता और जांच में मिले तथ्यों को देखते हुए आरोपी को जमानत का लाभ नहीं दिया जाना चाहिए।

सह-आरोपियों की जमानत का आधार भी नहीं आया काम

हाईकोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि ट्रायल में देरी के लिए केवल अभियोजन पक्ष को जिम्मेदार ठहराने के संबंध में कोई ठोस आधार पेश नहीं किया गया है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन अन्य सह-आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली थी, वे करीब डेढ़ से दो साल तक जेल में रहने के बाद राहत पाने में सफल हुए थे। इसके विपरीत रामगोपाल अग्रवाल गिरफ्तारी के बाद लगभग तीन महीने ही जेल में रहे हैं। ऐसे में सह-आरोपियों को मिली जमानत के आधार पर उन्हें समान राहत नहीं दी जा सकती। आर्थिक अपराध की गंभीरता और जांच में सामने आए साक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए अदालत ने नियमित जमानत देने से इनकार कर दिया।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

रायपुर में 2 करोड़ की एप्पल स्टोर चोरी का...

रायपुर। राजधानी के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर में हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सुलझाने का दावा...

NMDC के डिपॉजिट-14 का मलबा जंगल तक पहुंचा :...

दंतेवाड़ा। बस्तर में खनन गतिविधियों के पर्यावरणीय प्रभाव को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। किरंदुल स्थित NMDC के डिपॉजिट-14...

भिलाई विधानसभा चुनाव विवाद : देवेंद्र यादव और प्रेम...

बिलासपुर। भिलाई विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में सुनवाई पूरी हो...

राव हॉस्पिटल की फायर NOC में बड़ा फर्जीवाड़ा :...

रायपुर। आरंग स्थित राव हॉस्पिटल की फायर सेफ्टी NOC में कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया...