रायपुर। राजधानी के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर में हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सुलझाने का दावा किया है। करीब 25 दिनों तक चली जांच, चार राज्यों में छापेमारी और हजारों तकनीकी इनपुट खंगालने के बाद पुलिस ने अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1.50 करोड़ रुपये कीमत के 125 आईफोन बरामद किए गए हैं। वहीं, चोरी के सामान का मुख्य खरीदार विदेश भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे मुंबई एयरपोर्ट के पास से पकड़ लिया गया।
पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए छह विशेष टीमें बनाई थीं। इन टीमों ने 1000 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज और करीब 1100 मोबाइल टावरों से मिले डेटा का विश्लेषण किया। लगातार तकनीकी निगरानी और संदिग्धों का पीछा करने के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
महज आठ मिनट में पार कर दिया था दो करोड़ का सामान
चोरी की वारदात 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात तेलीबांधा थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित ‘आई नेक्स्ट इनोवेशन प्रा.लि.’ के एप्पल स्टोर में हुई थी। स्टोर संचालक ऋषभ डागा की शिकायत के अनुसार, अज्ञात चोर शटर उठाकर दुकान के भीतर दाखिल हुए और करीब दो करोड़ रुपये के 173 इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद लेकर फरार हो गए। चोरी किए गए सामान में आईफोन के अलावा एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड शामिल थे। आरोपियों ने अपनी पहचान और वारदात से जुड़े सुराग मिटाने के इरादे से दुकान में लगा CCTV सिस्टम का DVR भी निकाल लिया था। मामले में तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 487/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस की छह टीमों ने चार राज्यों में की पड़ताल
मरीन ड्राइव जैसे व्यस्त और प्रमुख इलाके में हुई इस बड़ी चोरी को पुलिस ने चुनौती के रूप में लिया। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम काम्बले के निर्देशन में जांच की जिम्मेदारी सौंपी। डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला, डीसीपी मध्य जोन तारकेश्वर पटेल और डीसीपी वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया के पर्यवेक्षण में ACCU और तेलीबांधा थाना पुलिस की छह विशेष टीमें बनाई गईं। इन टीमों में 40 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे। जांच के दौरान पुलिस ने चार राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। दिवाली के त्योहार के दौरान भी पुलिसकर्मी दूसरे राज्यों में डेरा डालकर संदिग्धों की तलाश में जुटे रहे। तकनीकी साक्ष्यों के साथ CCTV फुटेज का मिलान कर आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया गया।
250 किलोमीटर तक पीछा, बाइक से मिला अहम सुराग
वारदात के बाद दुकान का DVR गायब होने और आसपास लगे कैमरों की तस्वीरें स्पष्ट नहीं होने के कारण जांच में शुरुआती मुश्किलें आईं। इसके बावजूद पुलिस ने आसपास के कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला। जांच में रात 2 बजकर 37 मिनट पर एक दोपहिया वाहन में सवार तीन संदिग्ध स्टोर के आसपास दिखाई दिए। इसके महज आठ मिनट बाद यानी 2 बजकर 45 मिनट पर चोरी को अंजाम देकर उनके निकलने की जानकारी मिली। पुलिस ने इस सुराग के आधार पर संदिग्धों की आवाजाही और अन्य तकनीकी जानकारियों को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई। एक लावारिस बाइक भी पुलिस की पड़ताल में अहम कड़ी साबित हुई। इसके आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनके नेटवर्क तक पहुंचने में मदद मिली।
विदेश भागने से पहले मुख्य खरीदार भी पकड़ा गया
पुलिस की कार्रवाई में गिरोह के सरगना समेत दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। उनके पास से चोरी किए गए 125 आईफोन बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है। वहीं, चोरी के सामान का मुख्य खरीदार विदेश भागने की तैयारी में था। पुलिस ने उसे मुंबई एयरपोर्ट के पास से पकड़ लिया।

