भिलाई। ये दिवाली भाजपा के लिए वाकई में खुशियों वाली दिवाली है। भाजपा के नए जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया दिवाली के बहाने वरिष्ठ नेताओं और भाजपा के जनप्रतिनिधियों से मेल-मुलाकात कर बधाई दे रहे हैं। इसी बहाने पार्टी व अन्य लोगों को ये संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि पार्टी में अब सबकुछ ठीक-ठाक है। कहीं कोई मनमुटाव और भेदभाव व गुटीय राजनीति नहीं है।


कल दिवाली पर तीन तस्वीरें सामने आई है। एक तस्वीर पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय के साथ की है। कहा जाता है कि पूर्व मंत्री पांडेय और जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया के बीच में काफी पहले मनमुटाव था। दोनों के बीच में कुछ भी ठीक नहीं था। लेकिन दिवाली के बहाने बिचपुरिया पहुंच गए पूर्व मंत्री पांडेय के बंगले और दिवाली पर बधाई दी।


काफी देर दोनों के बीच में बातचीत हुई और एक-दूसरे को दिवाली की बधाई दी। बिचपुरिया ने अपने फेसबुक आईडी में लिखा है कि पूर्व मंत्री ने बिचपुरिया को जिलाध्यक्ष बनने की खुशी में बधाई भी दी।

दूसरी तस्वीर राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय की है। चर्चा थी कि जिलाध्यक्ष बनने से सरोज खेमा भारी नाखुश है। ये सोशल मीडिया में भी देखने को मिला था। कई लोगों ने अलग-अलग तरीके से अपनी बातें रखी थी। लेकिन दिवाली के बहाने बिचपुरिया ने राज्यसभा सांसद को भी साध लिया। तीसरी तस्वीर है वैशालीनगर विधायक विद्यारतन भसीन की। हालांकि, बिचपुरिया और भसीन के बीच में पहले से ही सबकुछ ठीक है।


बधाई देने के बहाने पार्टी व अन्य लोगों में एक संदेश भी दे दिया। चर्चा है कि सांसद विजय बघेल के हस्तक्षेप और चर्चा के बाद पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने बिचपुरिया के नाम को आगे बढ़ाया और प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने मंजूरी देते हुए जिलाध्यक्ष बना दिया।

