राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 3 वर्षीय मासूम बालक के साथ अमानवीय कृत्य (दुष्कर्म) का प्रयास किया गया है. घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश है. हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
राजनादगांव ASP कीर्तन राठौर ने बताया है कि आरोपी युवक ने मासूम को अकेला पाकर दुष्कर्म का प्रयास किया. परिजनों को जब इस बात की भनक लगी, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. पीड़ित बच्चे को तुरंत मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है.

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर तत्काल 4-CHL, 137(2)-BNS, 64(1)-BNS, 65(1)-BNS की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. फरार आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई और मुखबिरों की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा गया. यह घटना एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है.