बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक और शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर लंबे समय से जारी असमंजस खत्म हो गया है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने भर्ती परीक्षा पर लगी रोक हटा दी है। कोर्ट के इस फैसले के बाद प्रदेश में 2,292 पदों पर भर्ती परीक्षा आयोजित करने का रास्ता साफ हो गया है। इससे परीक्षा की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है।
मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस कृष्णराम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच में हुई। भर्ती विज्ञापन में आरक्षण रोस्टर और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए तय शर्तों को चुनौती देते हुए याचिका दायर की गई थी। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि भर्ती प्रक्रिया में पूर्णतः दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को आरक्षण का लाभ नहीं दिया गया है।

याचिकाकर्ताओं ने कोर्ट में दलील दी कि सामान्य प्रशासन विभाग और समाज कल्याण विभाग के सर्कुलर में दिव्यांगजनों के लिए आरक्षण का प्रावधान निर्धारित है। इसके बावजूद भर्ती विज्ञापन में पूर्णतः दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को आरक्षण प्रक्रिया से बाहर रखा गया, जो उनके संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन है।
मामले में कोर्ट के निर्देश के बाद स्कूल शिक्षा विभाग ने पोर्टल खोलकर पूर्णतः दृष्टिबाधित अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर दिया था। हालांकि, कानूनी प्रक्रिया के चलते भर्ती परीक्षा का कार्यक्रम प्रभावित हुआ। कर्मचारी चयन आयोग ने पहले सहायक शिक्षक की परीक्षा 11 अक्टूबर और शिक्षक पद की परीक्षा 25 अक्टूबर को आयोजित करने की तैयारी की थी।
नई तिथियों के अनुसार होगी परीक्षा
हाईकोर्ट से स्थगन हटने के बाद अब भर्ती परीक्षा के आयोजन का रास्ता खुल गया है। विभाग की ओर से पहले घोषित नई परीक्षा तिथियों के अनुसार ही परीक्षा आयोजित की जाएगी। हालांकि, परीक्षा की अंतिम तारीखों को लेकर विभागीय सूचना का इंतजार रहेगा।
2,292 पदों पर होनी है भर्ती
छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक एवं शिक्षक भर्ती 2026 के तहत कुल 2,292 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। पदों का वर्गीकरण इस प्रकार है:
- ई-संवर्ग: 795 पद
- टी-संवर्ग: 1,497 पद
- कुल पद: 2,292
हाईकोर्ट के फैसले के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर परीक्षा की नई तारीखों और आगे की भर्ती प्रक्रिया पर टिकी है।