बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा वार्ड नंबर 12 में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब किराए के मकान में रहने वाले पति-पत्नी की फांसी के फंदे पर लटकती लाश मिली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान रमेश सिंह बंजारा और उनकी पत्नी माया बंजारा के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से जामकछार, थाना अमरकंटक, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश) के रहने वाले बताए जा रहे हैं। रमेश बंजारा अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ नयापारा वार्ड नंबर 12 स्थित किराए के मकान में रहते थे और पास के औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में काम करते थे।

बच्चों के रोने की आवाज सुनकर पहुंचा मकान मालिक
बताया जा रहा है कि देर रात पति-पत्नी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे दोनों बच्चों के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर मकान मालिक रमेश कुमार साहू मौके पर पहुंचे। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। पति-पत्नी फांसी के फंदे पर लटके हुए थे। मकान मालिक ने तत्काल घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
आत्महत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
पति-पत्नी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसकी वजह सामने नहीं आई है। घटना के बाद दोनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।