बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां महज 11 साल के एक मासूम बच्चे ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र के कुकर्दीकला स्थित ईंट भट्ठे की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय बच्चे के माता-पिता काम पर गए हुए थे और वह अपनी बहन के साथ घर पर था। इसी दौरान बच्चा नदी जाने की जिद कर रहा था, लेकिन बहन ने उसे मना कर दिया। इसी बात से नाराज होकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

बताया जा रहा है कि बहन जब नहाकर वापस लौटी तो उसने अपने भाई को झोपड़ी के अंदर फंदे पर लटका हुआ पाया। घबराकर उसने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को नीचे उतारा। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। मासूम की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस को सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

