CGPSC की तैयारी कर रही छात्रा ने की आत्महत्या, किराए के कमरे में फांसी पर लटका मिला शव

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की तैयारी के लिए कुछ दिन पहले अंबिकापुर आई 28 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतका का मोबाइल जब्त करने के साथ ही घटनास्थल की जांच के लिए एसएफएल टीम को भी बुलाया।

मिली जानकारी के अनुसार जशपुर जिले के फरसाबहार निवासी तनुजा पैकरा पिता बालसाय पैकरा (28 वर्ष) ने कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद CGPSC की तैयारी के लिए अंबिकापुर का रुख किया था। वह 25 जुलाई को अंबिकापुर पहुंची थी और गांधीनगर थाना क्षेत्र में गांधी चौक के पास स्थित एक मकान में किराए का कमरा लेकर रह रही थी। मकान के अन्य कमरों में भी कुछ छात्राएं रहती थीं।

बताया जा रहा है कि घटना के दौरान एक छात्रा ने तनुजा को फंदे से लटका देखा और तत्काल मकान मालिक को इसकी जानकारी दी। मकान मालिक और एक पड़ोसी ने कमरे में पहुंचकर उसे फंदे से उतारा और उपचार के लिए अस्पताल ले गए। हालांकि, जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की बारीकी से जांच की। पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन जब्त किया है। वहीं, घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एसएफएल टीम से भी जांच कराई गई है।

पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन जशपुर से अंबिकापुर पहुंचे। बेटी की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

फिलहाल छात्रा ने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मोबाइल सहित अन्य संभावित साक्ष्यों के आधार पर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Exit mobile version