छत्तीसगढ़ में होगा बड़ा बदलाव : विधानसभा की 45 और लोकसभा की 6 सीटें बढ़ने की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में आने वाले समय में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। केंद्र सरकार की ओर से परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित बदलावों को मंजूरी दिए जाने के बाद प्रदेश में विधानसभा और लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। प्रस्ताव के मुताबिक, यदि सीटों में 50 फीसदी तक वृद्धि का प्रावधान लागू होता है, तो छत्तीसगढ़ में विधानसभा की मौजूदा 90 सीटें बढ़कर 135 हो सकती हैं। वहीं, लोकसभा की 11 सीटें बढ़कर 17 होने की संभावना है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण को लेकर प्रस्तावित बदलावों को मंजूरी दिए जाने की बात सामने आई है। इस प्रस्ताव का उद्देश्य लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना है। इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने की तैयारी बताई जा रही है।

विधानसभा में 45 नए क्षेत्र जुड़ने की संभावना

छत्तीसगढ़ विधानसभा में वर्तमान में कुल 90 सीटें हैं। इनमें 51 सामान्य, 10 अनुसूचित जाति और 29 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। प्रस्तावित 50 फीसदी वृद्धि के फार्मूले के तहत विधानसभा की सदस्य संख्या बढ़कर 135 हो सकती है। ऐसा होने पर प्रदेश में 45 नए विधानसभा क्षेत्र अस्तित्व में आ सकते हैं।

लोकसभा की सीटें भी 11 से बढ़कर 17 हो सकती हैं

वर्तमान में छत्तीसगढ़ से लोकसभा के 11 सांसद चुने जाते हैं। प्रस्तावित व्यवस्था लागू होने पर इनकी संख्या बढ़कर करीब 17 हो सकती है। यानी प्रदेश को 6 अतिरिक्त लोकसभा सीटें मिलने की संभावना है।

राजनीतिक समीकरणों पर पड़ेगा बड़ा असर

सीटों की संख्या में संभावित वृद्धि से छत्तीसगढ़ का राजनीतिक और चुनावी परिदृश्य बदल सकता है। नए विधानसभा क्षेत्रों के गठन से कई नए नेताओं को चुनाव लड़ने का अवसर मिलेगा। वहीं, लोकसभा सीटें बढ़ने से राष्ट्रीय राजनीति में प्रदेश का प्रतिनिधित्व भी बढ़ सकता है।

हालांकि, सीटों की वास्तविक संख्या, नए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं और आरक्षण का स्वरूप परिसीमन की प्रक्रिया तथा संबंधित कानूनी और संवैधानिक प्रावधानों के अंतिम निर्धारण के बाद ही स्पष्ट होगा।

Exit mobile version