कांकेर। कांकेर का कोयलीबेड़ा तहसील बनेगा। आज कांकेर पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस बात का ऐलान किया। मख्यमंत्री ने कोयलीबेड़ा को तहसील बनाने के साथ-साथ वहां जिला सहकारी बैंक की स्थापना का भी ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान अंतागढ़ को कई बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान अंतागढ़ विकासखण्ड के गांवों में 10 गोटुल और 10 देवगुड़ी निर्माण, अंतागढ़ और पखांजूर के काॅलेजों में स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू करने, कोयलीबेड़ा में बालक छात्रावास, नागरबेड़ा में प्री-मेट्रिक छात्रावास और आमाकड़ा में बालक आश्रम शुरू करने के साथ-साथकलेपरस हाई स्कूल का हायर सेकेण्डरी स्कूल में उन्नयन की भी घोषणा की।
इससे पहले आज मुख्यमंत्री ने उत्तर बस्तर कांकेर जिले की अंतागढ़ तहसील के ग्राम आमाकड़ा में आयोजित झलमलको लया-लयोर गोटुल रच्चा उत्सव 2022 में शामिल हुए। इस दौरान उत्सव में महुआ फूलों की माला पहनाकर तथा सिर पर मोर पंख और गमछा बांधकर परंपरागत तरीके से स्वागत किया गया। इस दौरान बस्तर सांसद दीपक बैज, संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी, विधायक अनूप नाग, मुख्यमंत्री के सलाहकार राजेश तिवारी और राज्य योजना आयोग की सदस्य कांति नाग भी उत्सव में मौजूद थीं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांकेर जिले के आमाकड़ा में क्षेत्र के विकास के लिए आज कई घोषणाएं की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में स्थापित ’बादल’ की तरह कांकेर जिले में भी डांस, आर्ट और लिट्रेचर को बढ़ावा देने संगठन बनाया जायेगा। अंतागढ़ क्षेत्र के 14 युवाओं को कृषि एवं वनोपज के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों के अध्ययन के लिए इंडोनेशिया के अध्ययन दौरे पर भेजा जायेगा। अंतागढ़ में स्ट्रीट लाइट की स्थापना और सड़कों में डिवाइडर निर्माण कराया जायेगा।