ACB का बड़ा अधिकारी बनकर घर में घुसे : गोली मारने की धमकी देकर ले गए लाखों का सामान, फरार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

धमतरी। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अधिकारी बनकर घर में घुसने और परिवार को गोली मारने की धमकी देकर लाखों रुपये का सामान ले जाने के मामले में धमतरी पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाइन रुद्री पुलिस ने आरोपी हितेश सिंह को बैकुंठपुर से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

ACB अधिकारी बताकर घर में घुसे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने सिविल लाइन रुद्री थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो का बड़ा अधिकारी बताकर उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने धमकाते हुए गोली मारने की बात कही और घर में मौजूद इलेक्ट्रॉनिक सामान अपने साथ ले गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों द्वारा ले जाए गए सामान में एक लैपटॉप, वनप्लस पैड और 8 मोबाइल फोन शामिल थे। सामान की कुल कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 335 और 309(4) बीएनएस भी जोड़ी गई।

पहले दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें रामचंद देवांगन (40) निवासी जल विहार कॉलोनी, रुद्री और नागेंद्र पटेल (34) निवासी पटना, जिला कोरिया शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को 29 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया था। वहीं, मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी हितेश सिंह, पिता गणेश बहादुर सिंह, निवासी सलका बड़कापारा, थाना एवं जिला बैकुंठपुर, जिला कोरिया की तलाश की जा रही थी।

बैकुंठपुर से पकड़ा गया फरार आरोपी
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 22 सितंबर 2026 को हितेश सिंह को बैकुंठपुर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान जारी
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। सिविल लाइन रुद्री थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कहा है कि फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Exit mobile version