आगजनी अपडेट: दुर्ग सांसद विजय बघेल पहुंचे पीड़ितों से मुलाकात करने…शेल्टर होम का किया निरीक्षण, सांसद ने की अपील, बोले-संकट की घड़ी में मदद के लिए लोग आए सामने

भिलाई। शहर के सूर्या नगर की बस्ती में आगजनी के बाद सबकुछ खाक हो गया है। लोग बेघर हो गए हैं। अब पहने हुए कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा है। आज दुर्ग सांसद विजय बघेल सुबह-सुबह पीड़ितों से मुलाकात करने सूर्यानगर पहुंचे। सांसद ने सभी की बातें सुनी और लोगों का दुख-दर्द समझा।

सांसद विजय ने शेल्टर होम का भी निरीक्षण किया। जहां चाय-नाश्ता से लेकर भोजन के लिए जरूरी इंतजाम को देखा। लोगों की आंखों में दर्द और दुख देखकर सांसद विजय बघेल भी भावुक हो गए। उन्होंने दुर्ग-भिलाई के लोगों से अपील की है कि इस संकट की घड़ी में लोग मदद के लिए सामने आए। इनके पास पहने हुए कपड़े के अलावा कुछ भी नहीं है। जो भी था वो आग की चपेट में आकर खाक हो गया है।

सांसद बघेल ने कहा, मिनी इंडिया भिलाई में आपसी सद्भाव और मदद की गजब भावना है। लोग कल से ही मदद के लिए आगे आ रहे हैं। इन्हें और मदद की आवश्यकता है। सांसद विजय ने कहा, राज्य शासन से आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से सर्वे के बाद राहत मुहैया कराई जाएगी।

किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मैंने कलेक्टर से बात की है। सभी व्यवस्था बनाने में जुटे हुए हैं। जो बेहतर हो सकता है, वो करने के लिए कहा गया है। इस दौरान सांसद विजय बघेल के साथ भाजपा नेता शारदा गुप्ता, प्रमोद सिंह, राजा, संजय दानी, निशू पांडेय, हंसराज पटेल, शंकरलाल देवांगन, प्रकाश यादव, विशालदीप नायर, हरिशंकर चतुर्वेदी, सत्यपाल पासवान, शिव साहू, गोपाल कृष्ण वर्मा, विनोद उपाध्याय, प्रकाश सांवत, भानुप्रताप, अमर सोनकर, विनोद चेलक समेत अन्य मौजूद रहें।

हर एंगल से होगी जांच…क्योंकि कलेक्टर ने दिए हैं मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
कैंप-2 सूर्यानगर की बस्ती में आग कैसे लगी? आखिर पूरी बस्ती कैसे इसकी चपेट में आ गई? क्या कोई साजिश तो नहीं थी? क्या फायर ब्रिगेड को पहुंचने में वाकई में देरी हुई? इन तमाम बिंदुओं पर सूर्यानगर में हुई आगजनी घटना की जांच होगी। दुर्ग कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने जांच के आदेश दिए हैं।

कलेक्टर ने कहा कि, इस मामले की मजिस्ट्रियल जांच होगी। ताकि घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।
आगजनी की खबर भिलाई TIMES ने सबसे पहले ब्रेक की। खबर ब्रेक के बाद मेयर नीरज पाल, विधायक विद्यारतन भसीन सब काम छोड़कर घटनास्थल पर पहुंचे।

मेयर नीरज पाल खैरागढ़ उपचुनाव में प्रचार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उसे छोड़कर नीरज पाल सूर्यानगर पहुंचे। जहां उन्होंने अधिकारियों से चर्चा की। प्रभावितों से भी बातचीत की। विधायक विद्यारतन भसीन और मेयर नीरज पाल ने निगम व प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी पीड़ितों के लिए उचित इंतजाम किए जाए। फिलहाल प्रशासन ने सरकारी भवन व सरकारी स्कूल में प्रभावितों का व्यवस्थापन कराया है। जहां ठहरने व भोजन की व्यवस्था की गई है।


आपको बता दें कि आज दोपहर साढ़े तीन बजे के आसपास सूर्यानगर की बस्ती में अचानक आग लगी। एक के बाद एक आग की लपटे फैलते गई और पूरी बस्ती को अपनी चपेट में ले ली। फायर ब्रिगेड की टीम गाड़ी देर शाम तक आग को बुझाने का प्रयास करती रही।

रात 8 बजे तक आग पर काबू पाया जा सका था। घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद पीडब्ल्यूडी चेयरमैन एकांश बंछोर, पार्षद पीयूष मिश्रा, मनीष पांडेय, राकेश पांडेय समेत अन्य जनप्रतिनिधि व नेता पहुंचे। उन्होंने लोगों से बातचीत की है। उनका दुख समझा है।

इधर, सीएम भूपेश ने जताया दुख
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भिलाई के फल मंडी पावर हाऊस के पीछे स्थित बस्ती में लगी आग की घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने जिला कलेक्टर डॉ. भुरे को घटना से प्रभावित घायलों के त्वरित तथा उचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version