भिलाई। पत्नी के गम में पति ने भी अपनी जान दे दी। मामला भिलाई के खुर्सीपार इलाके का है। पत्नी के 3 महीने पहले आत्महत्या के बाद से पति बेचैन रहा करता था। देर रात पति ने भी फांसी लगाकर जान दे दी। पति ने आत्महत्या के लिए उसी कमरे को चुना, जहां 3 महीने पहले पत्नी ने फांसी से लटककर जान दे दी थी।
खुर्सीपार टीआई दुर्गेश शर्मा ने बताया कबीर मंदर के पास रहने वाले पिंटू चौधरी (28 साल) ने अपने घर में गुरुवार व शुक्रवार की रात फांसी लगा ली। सुबह जब मोहल्ले के लोगों को इसके बारे में पता चला तो उन्होंने आत्महत्या की सूचना पुलिस को दी थी।
पुलिस जब मौके पहुंची और लोगों से बात की चौंका देने वाली सच्चाई पता चली। लोगों ने बताया कि तीन महीने पहले पिंटू की पत्नी ने इसी घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। पिंटू के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। पत्नी की मौत के बाद पिंटू काफी दुखी रहता था। वह न तो घर और न ही बच्चों का ध्यान दे पाता था। इसके चलते दोनों बच्चों को उसके नाना नानी अपने साथ ले गए। घर में पिंटू अकेला था। लोगों से भी अधिक बात नहीं करता था। अचानक उसने अपने घर में पत्नी की चुनरी के सहारे फांसी लगा लिया। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।