CG: ₹1800 और मोबाइल पासवर्ड के विवाद में दोस्त बना दुश्मन, गला घोंटकर और ईंट से वार कर युवक की हत्या

CG

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ महज 1800 रुपए और मोबाइल का फेस लॉक पासवर्ड बदलने के मामूली विवाद में दो युवकों ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले कपड़े से गला घोंटा और जब युवक की सांसें चल रही थीं, तो सिर पर ईंट मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला?

घटना 28 मार्च की शाम ग्राम बंदोरा की है। पुलिस के मुताबिक, मृतक राहुल कुर्मी (25 वर्ष), जो गांव में ही ‘राहुल ऑटो’ नाम से धुलाई मशीन सेंटर चलाता था, का विवाद उसके दोस्तों इंद्र कुमार गबेल (35 वर्ष) और नारायण यादव (20 वर्ष) से हुआ।

आरोपी इंद्र कुमार का दावा था कि राहुल ने उसकी जेब से 1800 रुपए निकाल लिए थे और उसके मोबाइल का फेस लॉक पासवर्ड भी बदल दिया था। वहीं, दूसरे आरोपी नारायण यादव को शक था कि राहुल ने उसके भाई का मोबाइल चोरी किया है। इसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि आवेश में आकर दोनों आरोपियों ने राहुल पर हमला कर दिया।

बेरहमी की हदें पार: पहले गला घोंटा, फिर ईंट से किया वार

पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपियों ने पहले कपड़े से राहुल का गला घोंटने की कोशिश की। जब राहुल तड़पने लगा और उसकी सांसें चलती दिखीं, तो आरोपियों ने पास पड़ी ईंट से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। 28 मार्च की शाम को राहुल का शव उसके घर के पास ही लहूलुहान हालत में मिला।

पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी

घटना की सूचना मिलते ही मालखरौदा पुलिस टीम मौके पर पहुँची। मृतक के चाचा विनोद वर्मा की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच शुरू की। संदेह के आधार पर जब राहुल के दोस्तों इंद्र और नारायण को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

थाना प्रभारी के अनुसार:

“पैसे के लेन-देन और मोबाइल विवाद के चलते इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें 29 मार्च को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।”

इस घटना के बाद से गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Exit mobile version