सजा का ऐलान : 22 किलो गांजा तस्करी में तीन आरोपियों को 20-20 साल की जेल, रायपुर की विशेष अदालत ने लगाया 2-2 लाख का जुर्माना

गरियाबंद। जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में गांजा तस्करी के मामले में रायपुर की विशेष एनडीपीएस अदालत ने कड़ा फैसला सुनाया है। 22 किलो गांजा के साथ पकड़े गए तीन आरोपियों को अदालत ने 20-20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। इसके अलावा प्रत्येक दोषी पर 2 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। जुर्माना जमा नहीं करने पर उन्हें छह-छह महीने की अतिरिक्त कठोर सजा भुगतनी होगी।

विशेष न्यायाधीश शैलेश शर्मा ने 17 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाया। अदालत ने तीनों दोषियों के खिलाफ सजा वारंट जारी करते हुए उन्हें केंद्रीय जेल रायपुर भेजने का आदेश दिया है।

जनवरी 2025 में वाहन से पकड़ा गया था गांजा

अदालती रिकॉर्ड के मुताबिक, 9 जनवरी 2025 को शाम करीब 5:40 बजे पुलिस ने ग्राम सोरिद मोड़, जोगी डबरी मेन रोड पर एक चारपहिया वाहन को रोककर तलाशी ली थी। वाहन में चार लोग सवार थे। तलाशी के दौरान पुलिस को चार बोरियों में कुल 22 किलो गांजा मिला था। पुलिस ने मौके से संतोष सुना, बिसेसर सिंह, पलाश उर्फ बंटी पाटिल और अनिकेत शिंदे को हिरासत में लिया था। आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग मात्रा में गांजा बरामद हुआ था।

चार आरोपियों में से एक की हो चुकी है मौत

मामले में संतोष सुना के पास से 6 किलो, बिसेसर सिंह से 5 किलो, पलाश उर्फ बंटी पाटिल से 6 किलो और अनिकेत शिंदे से 5 किलो गांजा मिला था। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ तस्करी में इस्तेमाल वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए थे। इस मामले में फिंगेश्वर थाने में अपराध क्रमांक 12/2025 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत कार्रवाई की गई थी। प्रकरण में कुल चार आरोपी थे, लेकिन सुनवाई के दौरान बिसेसर सिंह की मौत हो गई। इसके बाद शेष तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमे की कार्यवाही जारी रही।

ओडिशा और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं दोषी

अदालत ने संतोष सुना (30), अनिकेत शिंदे (27) और पलाश उर्फ बंटी पाटिल (24) को दोषी करार दिया। संतोष सुना ओडिशा के बलांगीर जिले का निवासी है, जबकि अनिकेत शिंदे और पलाश उर्फ बंटी पाटिल महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। विशेष अदालत ने तीनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत 20-20 साल के कठोर कारावास और 2-2 लाख रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।

न्यायिक हिरासत में बिताया समय सजा में जुड़ेगा

अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि तीनों आरोपियों ने 10 जनवरी 2025 से 17 नवंबर 2026 तक न्यायिक हिरासत में जितना समय बिताया है, उसे उनकी कुल सजा की अवधि में समायोजित किया जाएगा। सजा वारंट जारी होने के बाद तीनों को केंद्रीय जेल रायपुर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। फैसले की प्रतियां संबंधित पक्षों और जेल प्रशासन को भेजने का भी आदेश दिया गया है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

बीजापुर में 19.17 करोड़ का सड़क घोटाला उजागर :...

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सड़क निर्माण कार्यों में बड़ी वित्तीय अनियमितता सामने आई है। विभागीय जांच में खुलासा हुआ है...

गोपाष्टमी पर राज्यपाल रमेन डेका ने की गौमाता की...

रायपुर। गोपाष्टमी के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने कुम्हारी के परसदा स्थित विश्वगीता धेनु गोविंद पक्षी सेवा धाम पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण और गौमाता...

तपन सरकार गैंग पर पुलिस का बड़ा एक्शन :...

दुर्ग। भिलाई- दुर्ग में आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने गैंगस्टर तपन सरकार और उसके सहयोगियों के खिलाफ कार्रवाई की है।...

बेमेतरा में विधायक ईश्वर साहू का अनोखा अंदाज :...

बेमेतरा। जिले के साजा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ईश्वर साहू एक बार फिर अपने खास अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। नगर पंचायत मारो...