दुर्ग | 16 मार्च 2026
नगर पालिक निगम दुर्ग ने शहर के बेघर और जरूरतमंद परिवारों के लिए अपने घर का सपना सच करने की दिशा में बड़ी पहल की है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित फ्लैट्स का आवंटन अब ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर किया जा रहा है। पात्र हितग्राही आसान किश्तों में मात्र 3.5 लाख रुपये देकर पक्का आवास प्राप्त कर सकते हैं।
इन क्षेत्रों में उपलब्ध हैं खाली फ्लैट्स
निगम प्रशासन द्वारा शहर के चार प्रमुख स्थानों पर एएचपी (AHP) घटक के तहत शानदार फ्लैट्स तैयार किए गए हैं:
- सरस्वती नगर
- माँ कर्मा बोरसी
- फॉर्चून हायट्स बोरसी
- गोकुल नगर
कौन उठा सकता है योजना का लाभ?
योजना का लाभ लेने के लिए कुछ प्रमुख शर्तें निर्धारित की गई हैं:
- निवास की पात्रता: आवेदक अगस्त 2015 से पहले से शहर में निवासरत होना चाहिए।
- जरूरतमंद श्रेणी: जो वर्तमान में किराये के मकान, कच्चे मकान या किसी अन्य के मकान में रह रहे हैं।
- शर्त: आवेदक का स्वयं का कोई पक्का मकान नहीं होना चाहिए।
सुविधाजनक भुगतान और फाइनेंस की व्यवस्था
आयुक्त सुमित अग्रवाल ने बताया कि हितग्राहियों की सुविधा के लिए ऋण (Loan) उपलब्ध कराने हेतु फाइनेंस कंपनियों की भी व्यवस्था की गई है। लगभग 3.5 लाख रुपये की लागत वाले इन फ्लैटों को हितग्राही बैंक लोन और आसान किश्तों के माध्यम से हासिल कर सकते हैं।
महापौर और आयुक्त की अपील
- महापौर अलका बाघमार ने कहा, “हमारा उद्देश्य शहर के हर गरीब परिवार को सुरक्षित और पक्का घर देना है। यह एक बेहतरीन अवसर है, पात्र लोग आगे आएं और अपने सपनों का घर बुक करें।”
- आयुक्त सुमित अग्रवाल ने आग्रह किया कि इच्छुक लोग जानकारी और आवेदन के लिए नगर निगम दुर्ग के डाटा सेंटर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना कार्यालय में तुरंत संपर्क करें।
