हुक्का बार, सेक्स रैकेट, पुलिस रेड के दौरान होटल में मिली 3 नाबालिग

क्राइम डेस्क। गोरखपुर के शाहपुर के गीता वाटिका स्थित जेनिस बॉटल हुक्का बार में तीन नाबालिग लड़कियों से सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद मामले की जांच में रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, हुक्का बार के उद्घाटन के बाद से ही उसमें देह व्यापार का खेल शुरू हो गया था।
धंधेबाज के इशारे पर रेशमा खान नाम की युवती बिहार, नेपाल और आसपास के जिलों से यहां पढ़ने आने वाली किशोरियों को चुटकियों में हाईफाई जिंदगी का ख्वाब दिखाकर जाल में फंसाती थी। बाकी का काम सरगना खुद करता था।
नशे की हैवी डोज देकर किशोरियों के साथ गलत काम किया जाता। फिर वीडियो, फोटो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करके देह व्यापार में धकेल दिया जाता था। जो बर्दाश्त कर जातीं वे धंधे में शामिल हो जातीं, वरना सबकुछ खत्म। ऐसी गंदी कमाई से हुक्काबार संचालक अनिरुद्ध ओझा कम ही दिनों में करोड़पति बन गया।
व्हाट्सएप पर लड़कियों की फोटो भेज कर कराते थे पसंद
पुलिस ने मुख्य आरोपी अनिरुद्ध ओझा के मोबाइल की जांच की तो 50 से अधिक लड़कियों के नंबर मिले। अनिरुद्ध के व्हाट्सएप से कई लोगों को लड़कियों के फोटो भेजे गए थे। सूत्रों की माने तो अनिरुद्ध शहर के कई सफेदपोश और कारोबारियों के संपर्क में था। वह उन्हें लड़कियों की सप्लाई करता था।
इसके पहले व्हाट्सएप पर लड़कियों के फोटो भेजकर पसंद कराता था। पसंद आने पर वे 15 से 20 हजार रुपये देकर लड़कियों को लखनऊ, नेपाल टूर पर साथ ले जाते थे। सूत्रों के मुताबिक, मुख्य आरोपी अनिरुद्ध ओझा के पास एक कार है। इस कार का इस्तेमाल देह व्यापार में फंसी लड़कियों को इधर-उधर भेजने में किया जाता था। पुलिस ने उसकी कार को भी कब्जे में ले लिया है।
100 से ज्यादा लड़कियों की खराब की जिंदगी
अनिरुद्ध ने 2018 में हुक्का बार का धंधा शुरू किया। पहली बार उसने मोहद्दीपुर में यह धंधा शुरू किया। वहां विरोध होने पर पैडलेगंज चला गया। इसके बाद साल 2024 में शाहपुर में गीता वाटिका के पास अनुराग सिंह की बिल्डिंग में पार्टनरशिप में हुक्का बार खोला।
13 मार्च को उसका उद्घाटन एक जनप्रतिनिधि ने किया था। इंस्टाग्राम पर अनिरुद्ध के कई वीडियो और फोटो हुक्का फूंकते हुए हैं, जो इस समय वायरल हो भी रहे हैं। पूरे रेस्टोरेंट को हुक्के से ही सजाया गया है। बताया जा रहा है कि अनिरुद्ध ने सात साल में 100 से ज्यादा लड़कियों को फंसाकर उनकी जिंदगी खराब कर चुका है।
चार्जशीट जल्द, गैंगस्टर लगाकर आरोपियों की संपत्ति होगी जब्त
जेनिस बॉटल हुक्का बार में देह व्यापार के मामले में एसएसपी ने एसपी सिटी को दस दिन में चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश दिया है। इस बीच, पुलिस ने आरोपियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके बाद इनकी संपत्तियां जब्त की जाएंगी।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने शुक्रवार को हुक्काबार में देह व्यापार मामले की समीक्षा की। उन्होंने एसपी सिटी, सीओ कैंट, सीओ गोरखनाथ और विवेचकों से केस की जांच रिपोर्ट के बारे में जानकारी ली। एसएसपी एसपी सिटी अभिनव त्यागी व सीओ को रोज इस केस समीक्षा करने के निर्देश दिए। कहा कि एक हफ्ते में वह खुद भी मामले की समीक्षा करेंगे।
इस बीच, पुलिस आरोपियों पर गैंगस्टर लगाकर उनकी संपत्ति कुर्क करने की तैयारी में है। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस वाले आरोपियों की अवैध कमाई से अर्जित की गई संपत्तियों का ब्योरा जुटा रहे हैं।
पुलिस की जांच में पता चला है कि हुक्का बार संचालक अनिरुद्ध ओझा और होटल फ्लाई इन के मालिक अनुराग सिंह के अकाउंट से कई खातों में पैसे भेजे गए हैं। अब पुलिस उन खाताधारकों के बारे में पता लगा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इससे वह उन लड़कियों तक पहुंच सकती है, जिन्हें इन लोगों ने बरगला कर सेक्स वर्कर बना दिया।
पूरे प्रकरण की समीक्षा की गई है। दस दिन में केस में साक्ष्यों के साथ पुलिस चार्जशीट दाखिल करेगी। इसके बाद गैंगस्टर का केस दर्ज किया जाएगा। इसके बाद आरोपियों की संपत्तियों को जब्त कराया जाएगा। पुलिस अपने स्तर से संपत्तियों का ब्योरा जुटा रही है।-डॉ. गौरव ग्रोवर, एसएसपी