बिलासपुर: बिलासपुर सेंट्रल जेल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार को यहाँ डबल मर्डर के केस में उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी ने जेल परिसर के भीतर सुसाइड कर लिया। कैदी ने रसोई घर में लगे गैसीफायर प्लांट की धधकती भट्टी में छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान बम्हनीडीह (चांपा) निवासी राहुल उर्फ विकेश कंवर (46) के रूप में हुई है, जो पिछले 10 सालों से सेंट्रल जेल में बंद था।

कैसे हुई घटना?
जेल परिसर में कैदियों के लिए खाना पकाने के लिए गैसीफायर प्लांट स्थापित किया गया है, जहाँ लकड़ियों के जरिए गैस बनाई जाती है। बुधवार को जब भट्टी चालू थी, तभी राहुल अचानक वहाँ पहुंचा और सुरक्षाकर्मियों के देखते ही देखते जलती भट्टी के अंदर कूद गया। जब तक जेल कर्मचारी उसे बचाने के लिए दौड़े, तब तक कैदी पूरी तरह झुलस चुका था।

1 महीने में 5 बंदियों की मौत, जेल सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
बिलासपुर सेंट्रल जेल में सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। पिछले महज एक महीने के भीतर यह 5वें बंदी की मौत है:
- 23 जून: पॉक्सो एक्ट के आरोपी नीलू जगत की जेल के अंदर हत्या हुई थी।
- जून माह: रायगढ़ निवासी उम्रकैद के बंदी रामभरोसे माझी की तबीयत बिगड़ने से मौत हुई।
- अन्य मामले: गतौरा निवासी राजू गोंड और धर्मेंद्र सिंह की भी जेल में मौत हो चुकी है।

कलेक्टर और SSP पहुंचे मौके पर, जांच शुरू
घटना की खबर मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह सहित पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम तुरंत जेल पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और जेल प्रशासन से पूरी जानकारी ली।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा:
“बंदी किचन के गैसीफायर भट्टी में कूद गया। वह दोहरे हत्याकांड के मामले में पिछले 10 वर्षों से आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।”

