भिलाई में कोयला कारोबारी सूर्यकांत तिवारी की बेनामी संपत्ति पर आयकर विभाग का शिकंजा, ढोल बजाकर मकान किया सील

दुर्ग/भिलाई। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला घोटाले से जुड़े मामले में आयकर विभाग रायपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने भिलाई के जुनवानी स्थित सूर्या रेजिडेंसी में कोयला कारोबारी सूर्यकांत तिवारी के बेनामी मकान पर दबिश देकर उसे सील कर दिया है।

अधिकारियों के मुताबिक सूर्यकांत तिवारी ने मनीष उपाध्याय के नाम पर बेनामी संपत्ति ले रखी थी और मकान की रजिस्ट्री मनीष के नाम पर कराई थी। ईडी की रेड के बाद इस बेनामी संपत्ति का खुलासा हुआ था, जिसके बाद आयकर विभाग ने यह कार्रवाई की।

बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की टीम तहसीलदार और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान टीम ढोल लेकर पहुंची, पहले पूरी कॉलोनी में ढोल बजाकर मुनादी कराई गई और वहां मौजूद लोगों के सामने नोटिस पढ़कर सुनाया गया। इसके बाद नियमानुसार मकान को सील कर दिया गया।

Exit mobile version