रायगढ़। जिले में लगातार हो रही उठाईगिरी, चोरी और लूट की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़ पुलिस ने अंतरराज्यीय गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गैंग के मास्टरमाइंड अरविंद प्रताप सिंह उर्फ अरविंद नट को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी ओमप्रकाश उर्फ बच्चा सिसोदिया अभी फरार है।
बैंक से पैसा निकालने वालों को बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक और भीड़भाड़ वाले इलाकों में रेकी कर पैसे निकालकर निकलने वाले लोगों को टारगेट करते थे। मौका मिलते ही पेचकस और डुप्लीकेट चाबी की मदद से बाइक की डिक्की खोलकर या कार का शीशा तोड़कर लाखों रुपए पार कर देते थे।

सीसीटीवी से मिली बड़ी लीड, रेकी करते पकड़ा गया आरोपी
लैलूंगा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण किया। इसके आधार पर आरोपी की पहचान हुई। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को उस समय दबोचा जब वह फिर से वारदात की योजना बनाकर इलाके में रेकी कर रहा था।
कई राज्यों में फैला था नेटवर्क
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथी के साथ छत्तीसगढ़, ओडिशा और मध्य प्रदेश के कई जिलों में 10-15 से ज्यादा चोरी, लूट और उठाईगिरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
चार बड़े मामलों का खुलासा
आरोपी की गिरफ्तारी से लैलूंगा थाना क्षेत्र के 4 मामलों का खुलासा हुआ है, जिनमें लाखों रुपए की चोरी शामिल है।
- बाइक डिक्की से ₹2.15 लाख चोरी
- बुधवारी बाजार से ₹40 हजार पार
- कार का शीशा तोड़कर ₹59 हजार चोरी
- अग्रसेन चौक से ₹50 हजार गायब
बरामद सामान
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की होंडा साइन मोटरसाइकिल, पेचकस, डुप्लीकेट चाबी बरामद की है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आम जनता से अपील की है कि बैंक से लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस की टीमें फरार आरोपी ओमप्रकाश की लगातार तलाश कर रही हैं और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

