वेस्ट माइनिंग विवाद के बीच NMDC में बड़ी कार्रवाई : ग्रामीणों के विरोध और पर्यावरणीय नुकसान पर उठे सवालों के बीच GM सुधांशु वर्मा सस्पेंड

जगदलपुर। किरंदुल में वेस्ट माइनिंग को लेकर जारी विवाद के बीच NMDC प्रबंधन ने अपने वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। किरंदुल परियोजना में जनरल मैनेजर (एचआर) के पद पर पदस्थ सुधांशु वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। 24 नवंबर 2026 को कंपनी के हैदराबाद स्थित निदेशालय से जारी आदेश के बाद इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है। हालांकि, आदेश में निलंबन के पीछे की विस्तृत वजह या अधिकारी पर लगे विशिष्ट आरोपों का खुलासा नहीं किया गया है।

नियम 20 के तहत हुई कार्रवाई

NMDC की ओर से जारी आदेश में सुधांशु वर्मा को कंपनी के Employees Conduct, Discipline and Appeal Rules, 1978 के नियम 20 के तहत निलंबित किए जाने का उल्लेख है। आदेश के अनुसार, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित है। निलंबन की अवधि में उनका मुख्यालय BIOM किरंदुल कॉम्प्लेक्स रहेगा। उन्हें कार्यकारी निदेशक की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय छोड़ने की भी अनुमति नहीं होगी।

वेस्ट माइनिंग को लेकर ग्रामीणों ने जताई थी नाराजगी

किरंदुल में खनन के दौरान निकलने वाले मलबे और उसके निस्तारण को लेकर पिछले दिनों विवाद तेज हुआ था। प्रभावित ग्रामीणों ने खनन गतिविधियों के कारण आसपास के जंगल, प्राकृतिक जलस्रोतों और पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर चिंता जताई थी। इस मुद्दे पर स्थानीय स्तर पर विरोध के साथ राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई थीं।

कांग्रेस की सात सदस्यीय टीम ने किया था निरीक्षण

वेस्ट माइनिंग के मुद्दे पर कांग्रेस के सात सदस्यीय जांच दल ने भी किरंदुल पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया था। टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और खनन गतिविधियों से हुए नुकसान को लेकर NMDC प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे। इस दौरान प्रभावित इलाकों की स्थिति और पर्यावरणीय नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया था।

निलंबन के कारणों पर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं

ग्रामीणों की शिकायतों और राजनीतिक विरोध के बीच NMDC के वरिष्ठ अधिकारी पर हुई कार्रवाई ने मामले को और चर्चा में ला दिया है। हालांकि, निलंबन आदेश में वेस्ट माइनिंग विवाद को कार्रवाई का प्रत्यक्ष कारण नहीं बताया गया है। प्रबंधन ने केवल अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित होने का उल्लेख किया है। ऐसे में सुधांशु वर्मा के निलंबन के वास्तविक आधार और आगे की विभागीय कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

राजनांदगांव में थाने से भागे लूट के दो आरोपी...

राजनांदगांव। शहर के कोतवाली थाने से लूट के मामले में पकड़े गए दो आरोपियों के फरार होने का मामला सामने आया है। थाने से...

कोयला लेवी घोटाला : कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल...

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित कोयला लेवी घोटाले में गिरफ्तार कांग्रेस के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के पूर्व अध्यक्ष रामगोपाल...

रायपुर में 2 करोड़ की एप्पल स्टोर चोरी का...

रायपुर। राजधानी के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर में हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने सुलझाने का दावा...

NMDC के डिपॉजिट-14 का मलबा जंगल तक पहुंचा :...

दंतेवाड़ा। बस्तर में खनन गतिविधियों के पर्यावरणीय प्रभाव को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। किरंदुल स्थित NMDC के डिपॉजिट-14...