जगदलपुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। गढ़चिरौली पुलिस को मिले इनपुट के आधार पर विशेष अभियान दल ने वांगेटूर थाना क्षेत्र के मचुवांचा जंगल में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया हथियार और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया गया।
जंगल में छिपाकर रखा था हथियारों का जखीरा
सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को जमीन के अंदर छिपाकर रखी गई सामग्री मिली। तलाशी में 1 बैरल बोर राइफल, 3 सिंगल शॉट राइफल और 1 एयरगन बरामद की गई। इसके अलावा वायरलेस उपकरण और माओवादी वर्दी के कपड़े भी सुरक्षा बलों के हाथ लगे। जवानों ने मौके से 100 सुतली बम भी बरामद किए। सुरक्षा की दृष्टि से विस्फोटक सामग्री को घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया गया।
विशेष टीम और BDD S टीम ने चलाया अभियान
इस कार्रवाई में पुलिस की विशेष अभियान टीम के साथ इंटेलिजेंस सेल और बीडीडीएस टीम भी शामिल रही। सुरक्षा बलों ने जंगल के संभावित ठिकानों और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाकर जमीन के नीचे छिपाए गए डंप का पता लगाया। माना जा रहा है कि बरामद सामग्री को माओवादी संगठन द्वारा सुरक्षा बलों के खिलाफ इस्तेमाल के लिए छिपाकर रखा गया था।

