रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई को जिला बनाए जाने की घोषणा की। प्रमाण पत्र मिलने के तीन घंटे के भीतर ही जिला बनाने के वायदे को मुख्यमंत्री ने पूरा किया। छत्तीसगढ़ का 33 वां खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला होगा। मुख्यमंत्री ने साल्हेवारा को पूर्ण तहसील और जालबांधा को उप तहसील बनाने का भी ऐलान किया। खैरागढ़ उपचुनाव में भारी जीत के बाद पूरा किया वादा।
मुख्यमंत्री निवास में प्रेस से चर्चा में CM भूपेश बघेल ने कहा, चुनाव में जिला और तहसील की घोषणा एक मुद्दा हो सकता है, लेकिन यह एकमात्र कारण नहीं है। अगर ऐसा होता तो रमन सिंह ने अपने 15 साल में 9 जिले बनाए। लेकिन मुंगेली के अलावा हर जिले में हार गए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, 2018 के चुनाव में खैरागढ़ में हमें केवल 31 हजार वोट मिले थे।
मुख्य मुकाबला देवव्रत सिंह और कोमल जंघेल के बीच ही था। इस चुनाव में हमें 87 हजार वोट मिले हैं। यानी हार के अंतर को भी कम किया और बड़ी बढ़त भी ली। हमें 57 हजार से अधिक वोटों का फायदा हुआ है। इसका मतलब यह है कि लोगों ने सरकार की योजनाओं को हाथो-हाथ लिया है।