बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक बड़े संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। इस नेटवर्क के तार देश के कई राज्यों के अलावा विदेशों, विशेषकर दुबई तक जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस जांच में हवाला के जरिए सट्टे की रकम का लेन-देन करने और इस अवैध कारोबार से अर्जित धन से अचल संपत्तियां खरीदने के तथ्य सामने आए हैं। तलाशी के दौरान पुलिस को करीब 25 करोड़ रुपये की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। वहीं, विदेश में मौजूद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

उदाई चौक से शुरू हुई थी कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, पूरा मामला सिटी कोतवाली में दर्ज अपराध क्रमांक 229/2026 से जुड़ा है। इस मामले में शुरुआती कार्रवाई 5 अप्रैल 2026 को उदाई चौक स्थित बजरंग मंदिर के पास की गई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि जूना बिलासपुर निवासी दीपक भक्तानी मोबाइल और इंटरनेट के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दीपक भक्तानी को पकड़ा था। पूछताछ के दौरान उसने विशाल विधानी और मोबाइल धारक राजा अरोरा के साथ मिलकर सट्टे का नेटवर्क चलाने की जानकारी दी थी।
आईडी उपलब्ध कराने के बदले मिलता था 8 प्रतिशत कमीशन
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि दीपक भक्तानी व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों से संपर्क करता था और उन्हें ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेलने के लिए आईडी उपलब्ध कराता था। ये आईडी उसे विशाल विधानी से मिलती थीं। इसके बदले सट्टे से होने वाली कमाई में से 8 प्रतिशत कमीशन विशाल को दिया जाता था।
पूछताछ में दीपक ने करीब दो वर्षों से आईपीएल, टी-20, वनडे और अन्य क्रिकेट प्रतियोगिताओं पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद पुलिस ने दीपक भक्तानी और विशाल विधानी को गिरफ्तार कर लिया था।
दुबई तक फैला नेटवर्क, संपत्तियों की जांच जारी
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को इस नेटवर्क के कई राज्यों और विदेशों तक फैले होने के सुराग मिले। हवाला के जरिए रकम का लेन-देन किए जाने और सट्टे से अर्जित धन को संपत्तियों में निवेश करने की जानकारी भी सामने आई है। तलाशी में करीब 25 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज मिलने के बाद पुलिस अब आर्थिक लेन-देन और संपत्तियों के स्रोत की पड़ताल कर रही है।
आरोपियों के विदेश भागने की आशंका को देखते हुए लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है। साथ ही रेड कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस की जांच में आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और अवैध कारोबार के वित्तीय लेन-देन से जुड़े और भी खुलासे होने की संभावना है।
