Bhilai Times

बारिश के बाद भिलाई और रिसाली में भर गया पानी: ग्राउंड पर पानी निकासी के लिए जुटी रही निगम की टीम

बारिश के बाद भिलाई और रिसाली में भर गया पानी: ग्राउंड पर पानी निकासी के लिए जुटी रही निगम की टीम

भिलाई। रातभर के तेज बारिश के बाद शहर में पानी भराव देखा गया। रिसाली और भिलाई निगम क्षेत्र में कई जगह सड़कों में पानी आ गया। इससे दोनों निगम की पोल खुल गई है। रिसाली टाउन शिप में पानी निकालने बरसते पानी में कवायद की गई। जहां रिसाली निगम ने बताया कि, तालपुरी में गलत डिजाइन की वजह से जलभराव हुआ। हालांकि दो घंटे बाद स्थिति सामान्य हो गई है। तेज बारिश के दौरान निचली बस्ती और पाॅश कालोनी में निर्मित स्थिति से निपटने जनप्रतिनिधि और निगम आयुक्त की टीम एकजुटता दिखाई। जल भराव की स्थिति से जल्द निजात दिलाने फावड़ा और लोहे के एंगल से श्रमिकों का हाथ बटाया। तालपुरी में गलत डिजाइन की वजह से ढलान क्षेत्र में बने परिजात में पानी भरने लगा था।

शुक्रवार की अलसुबह शुरू हुई तेज बारिश से जल भराव की स्थिति विकराल होने से पहले ही रिसाली निगम अमला बिना देरी किए मोर्चा संभाला। निचली बस्ती और ढलान में बसे कालोनी में एकत्र हुए पानी को निकाला गया।जलभराव से लोगों को निजात दिलाने महापौर शशि सिन्हा, प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री जितेन्द्र साहू राहत कार्य में हाथ बढ़ाया। आयुक्त आशीष देवांगन के मार्गदर्शन में पानी निकासी का संसाधन बनाने 4 घंटे से भी अधिक समय लगा। निगम अमला पहले वार्ड 28 शक्ति विहार रिसाली क्षेत्र पहुंचा। इसके बाद इंटरनेशनल कालोनी तालपुरी। इस दौरान वार्ड पार्षद डाॅ. सीमा साहू, जोन अध्यक्ष अमृतपाल सिंह, अशोक सिन्हा, अमनदीप सोढ़ी, प्रेम साहू आदि उपस्थित थे।

टाउनशिप का पानी ले रहा था बाढ़ का शक्ल
सांई मंदिर के सामने व वीआईपी नगर पहुंच मार्ग के सामने जल भराव की स्थिति बनी। दरअसल यहां पर रिसाली सेक्टर (टाउनशिप) का पानी जमा होने लगा था। स्थिति नियंत्रण से बाहर हो इसके पहले निगम ने जमा पानी निकासी के लिए वीआईपी नाला तक रास्ता तैयार किया।

शक्ति विहार के लोगों को मिली राहत
तेज बारिश से इस बार शक्ति विहार में रहने वाले नागरिकों ने राहत की सांस ली। जलभराव से निजात दिलाने निगम आयुक्त ने मुख्य नाला में लगे हयुम पाइप की जगह कलवट निर्माण कराया है। वहीं नाला चैड़ीकरण कर नाला में पानी का फ्लो अधिक होने पर ओवर फ्लो पानी निकासी के लिए अलग संसाधन तैयार कराया गया गया है।

घुटने तक भरा गया था पानी
शुक्रवार को तालपुरी बी ब्लाक पारिजात में तीन फीट तक पानी भरा हुआ था। ब्लाक 40 से 60 पहुंच मार्ग बाधित हो गया था। सूचना मिलते ही आयुक्त जनप्रतिनिधियों के साथ तालपुरी पहुंचे और निरीक्षण किया। दरअसल यहां पर कालोनी निर्माण के समय तैयार गलत डिजाइन को नजरअंदाज करने से स्थिति बिगड़ी। अधिकारी व कर्मचारी पहले घुटने तक भरे पानी को कालोनी से बाहर निकालने संसाधन तैयार किया। इसके बाद पानी निकासी में रोड़ा बने डिजाइन को जेसीबी से हटाया।

इधर भिलाई नगर निगम क्षेत्र में भी बारिश के चलते जलभराव हुआ। क्षेत्र अंतर्गत बारिश के पानी से कहीं भी जलभराव की स्थिति न हो इसके लिए महापौर नीरज पाल के निर्देश पर निगम के अधिकारी व निगम का स्वास्थ्य अमला जुटा हुआ है। महापौर नीरज पाल और निगमायुक्त रोहित व्यास के निर्देश पर निगम के जोन आयुक्त व अधिकारी, स्वास्थ्य टीम के साथ बस्तियों में अवलोकन करने पहुंचे और समक्ष नालियों को साफ करवाया। सभी वार्डों के छोटे, बड़े नाली की सफाई की जा रही है ताकि पानी की निकासी बिना कोई अवरोध गंतव्य की ओर निकल सके साथ ही जहां निकासी की व्यवस्था नहीं है वहां वैकल्पिक व्यवस्था करने निकासी की व्यवस्था बनाई जा रही है।

निगम के सफाई कर्मी वार्डों के भीतर नाली से पानी निकासी करने झिल्ली, पन्नी व कचरे को निकालने में जुटे रहे। बारिश की वजह से कहीं भी जलभराव की स्थिति निर्मित न हो इसके लिए निगम की टीम मौके पर पहुंच रही है। गौरतलब है कि निगम मेयर व आयुक्त के निर्देश पर निगम प्रशासन ने बारिश पूर्व ही सभी नाली व बड़े नालों की जेसीबी से सफाई कराई थी, जिसके कारण जलभराव की शिकायतें नगण्य आ रही है। भिलाई निगम क्षेत्र में बारिश का पानी सुगमता से तालाब व बड़े नालो तक बिना अवरोध पहुंच सके इसलिए नाले व वार्डों के भीतर जल निकासी वाले सभी नालियों की सफाई पूर्व में ही कराई जा चुकी है।

बारिश के पानी से जलभराव की स्थिति से निपटने कुछ स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी वार्डों के भीतर जलभराव होने वाले स्थान पर कच्चा रास्ता बनाकर पानी को निकालने में जुटे रहे। कई स्थानों पर जाम नाली से झिल्ली, पन्नी एवं अन्य कचरो को निकालकर साफ किया गया। बारिश के पानी को निकालने सफाई कर्मियों ने वार्डो के भीतर फावड़ा, बेलचा व अन्य औजार के साथ वार्ड के नाली का निरीक्षण किए और जलजमाव वाले स्थानों से पानी की निकासी हेतु रास्ता बनाकर निकाला। नाली से जलप्रवाह को बनाए रखने सभी जोन के जोन स्वास्थ्य अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण किए और कई स्थानों पर जलनिकासी के लिए रास्ता बनवाया। आज कैलाश नगर भगवा चौक के पास जवाहर नगर एवं साकेत नगर आदि इलाकों में पानी निकासी की व्यवस्था बनाई गई।


Related Articles