भिलाई में बदल जाएंगे कांग्रेस संगठन के चेहरे: इन ब्लॉक अध्यक्षों का हटना तय…नए सिरे से बनेगी जिला कांग्रेस कमेटी की पूरी बॉडी, क्या रेबड़ी की तरह बांटे जाएंगे पद…? सवाल पर जिलाध्यक्ष मुकेश ने दिया ये जवाब

यशवंत साहू@भिलाई। मिशन-2023 के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है। हर मोर्चे पर तैयारी शुरू हो गई है। संगठन को मजबूत करने ग्राउंड पर काम शुरू हो गया है। अब उस ग्राउंड को ज्यादा मजबूत करने भिलाई शहर कांग्रेस कमेटी की पूरी कार्यकारिणी बदलने वाली है। यही नहीं, 7 में से 4 ब्लॉक अध्यक्ष भी बदले जाएंगे। इन सबमें ज्यादा वक्त नहीं लगेगा। कम से कम 20 से 25 दिनों में पूरी कसरत हो जाएगी और जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर अपनी कार्यकारिणी का एनाउंसमेंट कर देंगे।

तुलसी साहू के हटने के बाद मुकेश ने जब से जिम्मेदारी संभाली हैं, तभी से कयास शुरू हो गए थे कि नई कार्यकारिणी का गठन होगा। पुरानी बॉडी के साथ कांग्रेस संगठन ने भिलाई में चुनाव लड़ा। सफलता भी मिली। लेकिन मिशन-2023 का टार्गेट पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में संगठन चेंज चाहता है। विधायक देवेंद्र यादव भी संगठन को मजबूती प्रदान करने में जुटे हुए हैं। भाजपा के लिए काम करने वाले वार्डों के नेताओं को कांग्रेस का गमछा पहनाकर कांग्रेस में शामिल कर रहे हैं। अब तक चार एपिसोड हो चुका है। आगे भी एपिसोड आएंगे। ऐसा कांग्रेस नेताओं का दावा भी है।

7 में से इन ब्लॉक अध्यक्षों का हटना तय…
भिलाई शहर कांग्रेस कमेटी में 7 ब्लॉक अध्यक्ष हैं…ब्लॉक कांग्रेस कमेटी-1 कैंप में रामा विश्वकर्मा का हटना तय माना जा रहा है।
– ब्लॉक कांग्रेस कमेटी-2 खुर्सीपार से तुलसी पटेल को भी हटाने की चर्चा है।
– ब्लॉक कांग्रेस कमेटी-3 (सेक्टर-1 से सेक्टर-4 तक) के अध्यक्ष प्रमोद प्रभाकर कंटिन्यू हो सकते हैं।
– ब्लॉक कांग्रेस कमेटी-4 (सेक्टर-5 से सेक्टर-6 तक) के अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव को हटाया जाएगा। गौरव को काफी पहले हटाने की तैयारी चल रही थी।

– इसके अलावा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी-5 (सेक्टर-7 से हुडको तक) की अध्यक्ष दानेश्वरी साहू को भी कंटिन्यू किया जाएगा। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू की अनुसंशा पर उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई थी। इस इलाके में कांग्रेस के परिणाम बेहतर आए।
– ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रिसाली के अध्यक्ष मुकुंद भाऊ को हटाया जा सकता है। यहां पर गृहमंत्री साहू की पसंद के नेता को ही ब्लॉक अध्यक्ष का चार्ज दिया जाएगा। भाऊ काफी विवादों में रहे और चुनाव भी हार गए।

– सुपेला-कोसानाला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नंदकुमार कश्यप को हटाया जाएगा। कश्यप ने पूरे चुनाव में रामनगर और उससे लगे वार्डों में ही मेहनत की। बावजूद चुनाव जीता नहीं सके। ऐसे कई परिणाम उनके विरोध में है।

क्या इस बार भी होगी जंबो कार्यकारिणी…
ये बड़ा सवाल है कि क्या तुलसी साहू की तरह मुकेश चंद्राकर जंबो कार्यकारिणी का गठन करेंगे। तुलसी साहू ने महामंत्री और सचिव जैसे पद रेबड़ी की तरह जिसे चाहे, उसे बांट दिए। हालांकि ये सब कई नेताओं को संतुष्ट करने के चक्कर में भी हुआ। सभी विधानसभा के नेताओं की पसंद को तरजीह देने में लंबी-चौड़ी कार्यकारिणी बन गई। बाद में कार्यकारिणी की काफी आलोचना हुई थी।

संगठन के साथ-साथ पब्लिक में कार्यकारिणी का मैसेज अच्छा नहीं गया था। ऐसे में सवाल ये लाजिमी है कि क्या मुकेश चंद्राकर भी ऐसी कार्यकारिणी बनाएंगे। कुछ का मानना है कि इस बार कार्यकारिणी छोटी हो सकती है। डिजर्विंग लोगों को पद दिया जाएगा। असंतुष्ट होने वाले नेताओं को संतुष्ट करने प्लान-बी लागू किया जाएगा। ये प्लान-बी क्या होगा? ये बाद में ही पता चलेगा।

जिलाध्यक्ष मुकेश बोले-नई कार्यकारिणी बनेगी, जल्द फैसला…
भिलाई TIMES से बात करते हुए जिलाध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने कहा, नई कार्यकारिणी का एनाउंसमेंट जल्द किया जाएगा। संगठन के नेताओं और विधायक देवेंद्र यादव से चर्चा कर कार्यकारिणी बनाई जाएगी। इसके लिए वर्किंग शुरू हो गई है। इस महीने के एंड तक हम कुछ कर पाएंगे। जिन ब्लॉक अध्यक्षों का परफॉर्मेंस पुअर है, उन्हें हटाया भी जा सकता है। इस पर निर्णय होना है।